“दिल्ली में राहुल गांधी के धरने के समर्थन में लखनऊ में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। एफआईआर दर्ज होने की सूचना के बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त कर दि
लखनऊ। दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के धरने के समर्थन में शनिवार को लखनऊ में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जयहिंद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने धरना दिया।
कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और कथित रूप से पैलेट गन चलाए जाने के मामले में दोषी लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी पीड़ित छात्र को लेकर पहुंचे थे थाने
दरअसल, दिल्ली में जेन-जी छात्रों के ऊपर पुलिस की ओर से पैलेट गन चलाए जाने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक पीड़ित छात्र को साथ लेकर दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे थे।
कांग्रेस का आरोप था कि पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं कर रही थी। इसके बाद राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर धरना दिया।
राहुल गांधी के दिल्ली में धरने की जानकारी मिलने के बाद लखनऊ में भी कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
एफआईआर दर्ज होने की सूचना के बाद खत्म हुआ धरना
लखनऊ में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का धरना उस समय समाप्त कर दिया गया, जब उन्हें दिल्ली पुलिस की ओर से मामले में एफआईआर दर्ज किए जाने की जानकारी मिली।
प्रदेश कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन डॉ. सीपी राय ने एफआईआर दर्ज होने पर इसे राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी की जीत बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
लखनऊ में आयोजित धरने में एआईसीसी सचिव जगदीश चंद्र जांगीड़, विधायक वीरेंद्र चौधरी, विश्वविजय सिंह, मनोज यादव, प्रियंका गुप्ता, डॉ. राज कुमार मौर्या, राम गणेश प्रजापति, हर्षवर्धन श्याम, दिनेश सिंह, आसिफ रिजवी रिंकू, ब्रज मौर्या, बृजेंद्र कुमार सिंह, तरुण पटेल, राकेश पासवान, जितेंद्र पटेल, शरद शुक्ला, संजय मौर्य, अभिषेक तिवारी, राहुल सचान, नीतम सचान, आशीष सिंह, सुशीला शर्मा, शीला मिश्रा, अभिषेक पटेल, शहबाज खान, अखिलेश वर्मा और विकास श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों से जुड़े मामले में निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद लखनऊ में आयोजित धरना समाप्त कर दिया गया।







