हिमाचल में पांच ट्रैकर लापता, 12 घंटे से संपर्क टूटा

“हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में बड़ा भंगाल ट्रैक पर निकले पांच ट्रैकर भारी बर्फबारी के बीच लापता हैं। 12 घंटे से संपर्क नहीं होने के बाद प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी शुरू कर दी है। थमसर पास और ग्लेशियर के आसपास तलाश की जाएगी।“

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले की दुर्गम बड़ा भंगाल घाटी (Bada Bhangal Valley) की ओर ट्रैकिंग पर निकले पांच ट्रैकर भारी बर्फबारी और खराब मौसम के बीच लापता हो गए हैं। पिछले करीब 12 घंटे से इनसे संपर्क नहीं हो पाया है। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें सक्रिय हो गई हैं और आज संभावित स्थानों पर रेस्क्यू अभियान शुरू करने की तैयारी है।

जानकारी के अनुसार, पांचों ट्रैकर 5 अक्टूबर को बीड़ से राजगुंधा की ओर रवाना हुए थे। इसके बाद उन्हें राजगुंधा से बड़ा भंगाल की तरफ जाना था। इसी दौरान ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम खराब हो गया और 6 व 7 अक्टूबर को भारी बर्फबारी हुई।
लापता ट्रैकरों की पहचान अंकुर मालानी, सत्यम साबू, पवन, श्याम आर. और तरुण राठी के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 28 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

थमसर पास के आसपास फंसे होने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पांचों के राजगुंधा, थमसर पास या थमसर ग्लेशियर के आसपास फंसे होने की आशंका है। खराब मौसम और लगातार बर्फबारी के कारण उनके आगे बढ़ने या वापस लौटने में परेशानी आने की संभावना जताई जा रही है।
देर रात जिला आपदा सेल को सूचना मिलने के बाद बीड़-बिलिंग क्षेत्र में रेस्क्यू से जुड़ी टीमों को अलर्ट किया गया। प्रशासन की ओर से बीड़, राजगुंधा और बड़ा भंगाल की दिशा में संभावित स्थानों पर तलाश की जाएगी।

बेहद दुर्गम है बड़ा भंगाल का रास्ता

बड़ा भंगाल घाटी धौलाधार की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित बेहद दुर्गम क्षेत्र है। यहां पहुंचने में करीब तीन दिन का कठिन पैदल सफर लगता है। रास्ते में थमसर पास जैसे ऊंचे और बर्फीले इलाके आते हैं, जहां मौसम तेजी से बदलने के कारण रेस्क्यू अभियान भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता पांचों ट्रैकरों का जल्द पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकालना है। रेस्क्यू टीमों के मौके पर पहुंचने और तलाश शुरू होने के बाद ही उनकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Back to top button