
पिथौरागढ़। उत्तराखंड में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, पिथौरागढ़ में दोपहर 12:51 बजे 3.7 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र पिथौरागढ़ में जमीन से करीब 11 किलोमीटर की गहराई पर था।
भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील है उत्तराखंड
उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप के प्रति संवेदनशील है। पहले राज्य के अलग-अलग इलाकों को भूकंपीय जोन-4 और जोन-5 में रखा गया था।
भारतीय मानक ब्यूरो की भूकंपरोधी निर्माण से जुड़ी रीति संहिता-2025 में नया भूकंपीय क्षेत्रीकरण मानचित्र जारी किया गया है। इसमें उत्तराखंड सहित कई हिमालयी क्षेत्रों को अधिक भूकंपीय जोखिम वाले क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया है।

निर्माण कार्यों में सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों के मुताबिक, भूकंप के खतरे को देखते हुए भवनों और अन्य संरचनाओं का निर्माण निर्धारित भूकंपरोधी मानकों के अनुसार करना जरूरी है। इससे भूकंप के दौरान संभावित नुकसान को कम करने में मदद मिल सकती है।








