टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग केस: इंदौर में पकड़ा गया आरोपी अस्पताल में बिताता था रात, सोशल मीडिया पर हथियारों के वीडियो पोस्ट करने का आरोप

इंदौर। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में इंदौर से गिरफ्तार किए गए प्रांजल ठाकरान के बारे में पुलिस जांच में कई जानकारियां सामने आई हैं। हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला प्रांजल कथित तौर पर पुलिस से बचने के लिए होटल में ठहरने के बजाय उस अस्पताल में रात बिताता था, जहां उसका भाई भर्ती है।

पुलिस के मुताबिक, प्रांजल पिछले पांच दिनों से इंदौर में था। वह मालवा मिल चौराहे के पास स्थित अंकुर स्टेप डाउन सेंटर में भर्ती अपने पैरालिसिस पीड़ित भाई से मिलने रोज जाता था। दिनभर अस्पताल में रहने के बाद वह रात में विजिटर्स रूम में रुक जाता था। उसके भाई की वहां फिजियोथेरेपी चल रही थी।

इंस्टाग्राम पर हथियारों के वीडियो पोस्ट करने का आरोप

22 वर्षीय प्रांजल पर सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने और दबंगई वाले वीडियो पोस्ट करने का आरोप है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पिस्तौल, बंदूक और गले में कारतूस की माला पहने वीडियो मिलने की बात सामने आई है। कुछ वीडियो जेल परिसर के बाहर बनाए गए बताए जा रहे हैं।

वह खुद को हिंदू कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग का अध्यक्ष भी बताता था। इसके अलावा, इस साल मार्च में पानीपत के एक मनी एक्सचेंज कार्यालय पर हुई फायरिंग के मामले में भी उसका नाम सामने आने की बात कही गई है।

मुंबई फायरिंग में भूमिका की जांच

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि मुंबई में टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग में प्रांजल की क्या भूमिका थी। आरोप है कि उसने हमले में शामिल लोगों को हथियार मुहैया कराने में मदद की थी और उसे घटना की जानकारी भी थी। इन आरोपों की जांच जारी है।

गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग हुई थी। इस घटना में अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक व्लॉगर घायल हो गए थे।

Back to top button