जापान में भूकंप के तेज झटके, 6.5 रही तीव्रता; फिलहाल नुकसान की खबर नहीं

जापान के बोनिन द्वीप समूह में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को 6.5 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, अभी तक किसी बड़े नुकसान या जान-माल के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। प्रशासन की ओर से सुनामी की चेतावनी भी जारी नहीं की गई।

समुद्र के भीतर 494 किलोमीटर की गहराई पर था केंद्र

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समय के अनुसार सुबह करीब 11:09 बजे दर्ज किया गया। इसका केंद्र टोक्यो से लगभग 1,000 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित बोनिन द्वीप समूह के पास था।

शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर करीब 494 किलोमीटर की गहराई पर था। बोनिन द्वीप समूह को ओगासावारा द्वीप समूह के नाम से भी जाना जाता है।

सुनामी की चेतावनी नहीं, नुकसान की जानकारी का इंतजार

भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्र में सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई। फिलहाल, नुकसान या लोगों के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

यह इलाका प्रशांत और फिलीपीन टेक्टोनिक प्लेटों से जुड़े भूकंपीय रूप से सक्रिय क्षेत्र में आता है। इसी बीच, जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के अनुसार, रविवार सुबह वानुअतु द्वीप समूह में भी 6.16 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।

तिब्बत में 7.0 तीव्रता के भूकंप से गई थी 16 लोगों की जान

इससे पहले गुरुवार रात तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप आया था। इस घटना में 16 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। भूकंप के बाद 12 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप का केंद्र तिब्बत के नागक्यू शहर के बाछेन काउंटी में था। इसकी गहराई जमीन से 10 किलोमीटर से भी कम बताई गई। यह इलाका तिब्बत की राजधानी ल्हासा से करीब 400 किलोमीटर दूर है।

भूकंप के कारण 330 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा था। प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य जारी रहने की जानकारी दी गई थी।

Back to top button