‘मैं साथ नही जाउंगी’…प्रेमिका ने साथ जाने से किया इनकार, तो हाईकोर्ट की रेलिंग से लटक गया युवक, फिर जो हुआ…

जोधपुर : राजस्थान के जोधपुर स्थित हाईकोर्ट परिसर में सोमवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 22 वर्षीय युवक एडवोकेट चैंबर की बालकनी की रेलिंग से लटक गया। मौके पर मौजूद वकीलों ने समय रहते युवक को सुरक्षित बचा लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर शांति भंग करने के आरोप में कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, युवक की प्रेमिका ने अदालत में उसके साथ जाने से इनकार कर दिया था। इसके बाद वह भावनात्मक रूप से परेशान हो गया और उसने यह कदम उठाया।

प्रेमिका को कोर्ट में पेश करने का दिया था आदेश

युवक की पहचान बाड़मेर रोड स्थित गंगाणा निवासी अरबाज खान के रूप में हुई है। उसने हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि उसकी प्रेमिका को परिवार वालों ने बंधक बना रखा है।

याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने पुलिस को युवती को अदालत में पेश करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस युवती को नारी निकेतन से लाकर कोर्ट में पेश करने पहुंची।

युवती के बयान के बाद युवक ने उठाया कदम

अदालत में युवती से पूछा गया कि वह अपने प्रेमी के साथ जाना चाहती है या परिवार के साथ। इस पर युवती ने अपनी बुआ के साथ जाने की इच्छा जताई। उसने युवक के साथ प्रेम संबंध होने की बात से भी इनकार कर दिया।

युवती के इस बयान के बाद युवक परेशान हो गया और हाईकोर्ट परिसर में एडवोकेट चैंबर की रेलिंग से लटककर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, वहां मौजूद वकीलों ने उसे समय रहते बचा लिया।

फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट का भी मामला

इस मामले में फर्जी विवाह प्रमाणपत्र को लेकर भी विवाद सामने आया है। युवती के परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि अरबाज ने शादी का फर्जी मैरिज सर्टिफिकेट तैयार कराया था। इस संबंध में परिवार की ओर से अलग से सिविल रिट दाखिल की गई थी।

हाईकोर्ट ने याचिका स्वीकार कर ली है, लेकिन इस पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं सुनाया है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 20 नवंबर 2026 की तारीख तय की गई है।

Back to top button