
मुंबई : मुंबई में ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ अभियान के तहत अभिनेत्री दीया मिर्जा का एक वीडियो हटाए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने सोमवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के इस फैसले का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को दिवाली मनाने का तरीका सिखाने के लिए दीया मिर्जा की जरूरत नहीं है।
बीएमसी में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तावड़े ने अभिनेत्री पर हिंदुत्व का विरोध करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि दीया मिर्जा पहले भी नर्मदा परियोजना, समान नागरिक संहिता (UCC) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों को लेकर विरोध जता चुकी हैं। मेयर ने कहा कि बीएमसी के किसी भी अभियान में लोगों को शामिल करने से पहले मेयर कार्यालय की मंजूरी ली जानी चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दीया मिर्जा अपने निजी सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी राय रखने के लिए स्वतंत्र हैं।

रितु तावड़े ने दीया मिर्जा पर लगाए आरोप
मेयर ने कहा कि दीया मिर्जा का रुख उनके मुताबिक स्पष्ट है और उन्होंने कई मुद्दों पर हिंदुत्व के खिलाफ अपनी बात रखी है। इसी वजह से बीएमसी के अभियान में उनके वीडियो का विरोध किया गया। तावड़े ने यह भी कहा कि अभिनेत्री की पुरानी टिप्पणियों को देखते हुए निगम ने वीडियो हटाने का फैसला किया।
नितेश राणे और रामदास अठावले ने भी उठाए सवाल
इस विवाद में केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे भी शामिल हो गए हैं। दोनों ने पर्यावरण संरक्षण के नाम पर हिंदू त्योहारों को निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया।
पत्रकारों से बातचीत में नितेश राणे ने सवाल उठाया कि क्या पर्यावरण को नुकसान केवल दिवाली और होली जैसे त्योहारों से ही होता है। उन्होंने अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्यावरण और स्वच्छता को लेकर चिंता नहीं जताए जाने का दावा किया।
वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि दिवाली पर पटाखे जलाने की परंपरा का अपना महत्व है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदूषण से बचने की जरूरत है। अठावले के मुताबिक, दीया मिर्जा का बयान हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला था।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, दीया मिर्जा का एक वीडियो बीएमसी के ‘प्रदूषण मुक्त दिवाली’ अभियान का हिस्सा था। इस वीडियो में अभिनेत्री ने लोगों से शोर और वायु प्रदूषण से बचने की अपील की थी। रविवार को यह वीडियो बीएमसी के सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया गया।
इससे पहले मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित सातम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर वीडियो पर आपत्ति जताई थी और बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग किया था। उन्होंने कहा था कि दिवाली मनाने का तरीका किसी से सीखने की जरूरत नहीं है।
हालांकि, बीएमसी के एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के अभियान से जुड़े वीडियो अब भी मौजूद हैं।








