
स्पेनिश फुटबॉल जगत से बेहद दुखद खबर सामने आई है। स्पेन की सेकेंड डिवीजन फुटबॉल लीग में खेलने वाले क्लब सीडी टेनेरिफ के स्ट्राइकर जीसस डी मिगुएल का निधन हो गया है। 30 वर्षीय फुटबॉलर सोमवार को एंडोरा के खिलाफ मैच के दौरान गोलकीपर जीसस ओवोनो से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मैदान पर गोलकीपर से हुई थी जोरदार टक्कर
यह हादसा सोमवार को एस्टाडियो हेलियोडोरो रोड्रिगेज लोपेज स्टेडियम में टेनेरिफ और एंडोरा के बीच खेले जा रहे मुकाबले के आखिरी मिनटों में हुआ। जीसस डी मिगुएल मिडफील्ड में गेंद हासिल करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी एंडोरा के गोलकीपर जीसस ओवोनो से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद डी मिगुएल मैदान पर बेहोश हो गए। मेडिकल टीम ने तुरंत मैदान पर पहुंचकर कई मिनट तक उनका इलाज किया। इसके बाद उन्हें स्ट्रेचर से अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान उन्हें कार्डियक अरेस्ट भी आया था। हालांकि, सीपीआर और मेडिकल मदद से उनकी धड़कन दोबारा शुरू हो गई थी।
घटना के बाद रेफरी ने एंडोरा के गोलकीपर को रेड कार्ड दिखाया और मुकाबले को बीच में ही रद्द कर दिया गया।
ICU में चल रहा था इलाज, मंगलवार सुबह बिगड़ी हालत
गंभीर चोटों के कारण जीसस डी मिगुएल को यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल ऑफ नुएस्ट्रा सेनोरा डे कैंडेलारिया के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। सोमवार को उनकी हालत स्थिर लेकिन गंभीर बताई गई थी। हालांकि, मंगलवार सुबह उनकी न्यूरोलॉजिकल स्थिति बिगड़ गई। इसके बाद स्थानीय समय के अनुसार सुबह 8 बजे 30 वर्षीय फुटबॉलर का निधन हो गया।
सीडी टेनेरिफ क्लब ने जताया दुख
जीसस डी मिगुएल के निधन की पुष्टि करते हुए सीडी टेनेरिफ ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। क्लब ने लिखा कि हमारा दिल टूट गया है और हमें यकीन नहीं हो रहा कि यह सच है। क्लब ने गहरे दुख के साथ अपने खिलाड़ी जीसस डी मिगुएल अलामेडा के निधन की जानकारी दी।
क्लब ने उनके परिवार, प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही बताया कि खिलाड़ी का परिवार इस मुश्किल समय में मिले समर्थन और संवेदनाओं के लिए आभारी है। परिवार ने लोगों से अपनी निजता का सम्मान करने की अपील भी की है।
स्पेनिश फुटबॉल महासंघ और एंडोरा ने भी जताया शोक
जीसस डी मिगुएल के निधन पर रॉयल स्पेनिश फुटबॉल फेडरेशन (RFEF) ने भी गहरा दुख जताया। महासंघ ने खिलाड़ी के परिवार, दोस्तों, सीडी टेनेरिफ और उसके प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वहीं, एंडोरा फुटबॉल क्लब ने भी इस घटना पर शोक जताते हुए कहा कि इस खबर से उनका दिल टूट गया है। क्लब ने जीसस डी मिगुएल के परिवार, टीम के साथियों और सीडी टेनेरिफ के प्रति संवेदना व्यक्त की।
30 साल की उम्र में एक खिलाड़ी के निधन की इस खबर ने पूरे स्पेनिश फुटबॉल जगत को झकझोर कर रख दिया है।









