उत्तरकाशी में बड़ा हादसा: भागीरथी नदी में गिरी इनोवा कार, अब तक 4 लोगों के शव बरामद

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे। अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।

गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं यात्री

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती इलाके के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वे उत्तरकाशी से गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे। हालांकि, अभी तक सभी यात्रियों के नाम और पते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

रेस्क्यू अभियान में जुटी पुलिस और SDRF की टीमें

हादसा गंगनानी में गर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।

रेस्क्यू टीमों ने नदी किनारे से चार लोगों के शव बरामद किए हैं। वहीं, बाकी लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोर नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

NDRF की 27 सदस्यीय टीम भी रवाना

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से एनडीआरएफ की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी हैं।

इसके अलावा आपदा प्रबंधन केंद्र और चिकित्सा टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी घायल के मिलने पर उसे तुरंत इलाज मिल सके। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

Back to top button