
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गोकुल दूध सहकारी संघ के चुनाव को लेकर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस समर्थित पैनल की जीत के बाद बीजेपी अब नियमों में बदलाव करके जनादेश पलटने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसे दूध उत्पादकों के वोटों की चोरी बताया।
राहुल गांधी ने बीजेपी पर लगाए आरोप
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि गोकुल डेयरी के चुनाव में दूध उत्पादकों ने बीजेपी को हरा दिया, लेकिन चुनाव के बाद बहुमत हासिल करने के लिए नियम बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निदेशक मंडल में चार नए निदेशकों को शामिल करने और सदस्यों की संख्या 12 से बढ़ाकर 16 करने की तैयारी है। राहुल ने इसे लोकतांत्रिक जनादेश के साथ छेड़छाड़ बताया।
कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट जाने की कही बात
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी महाराष्ट्र सरकार के प्रस्ताव पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निर्वाचित निदेशक मंडल के अधिकारों को कमजोर करना चाहती है। खेड़ा के मुताबिक, 19 अक्टूबर को हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित पैनल ने 25 में से 13 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया था, जबकि बीजेपी समर्थित महायुति गठबंधन को 12 सीटें मिली थीं।

उन्होंने बताया कि महायुति समर्थित निदेशकों के बैठक में शामिल नहीं होने के कारण अध्यक्ष का चुनाव नहीं हो सका। इसके बाद बॉम्बे हाई कोर्ट ने 10 नवंबर को नए सिरे से चुनाव कराने का निर्देश दिया।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि निर्वाचित बोर्ड को काम करने देने के बजाय महाराष्ट्र कैबिनेट ने मतदान का अधिकार रखने वाले चार सरकारी निदेशकों को मनोनीत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। कांग्रेस का कहना है कि इससे चुनाव का पूरा गणित बदल सकता है। पार्टी ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है।
क्या है पूरा चुनावी विवाद?
दरअसल, गोकुल डेयरी के निदेशक मंडल के चुनाव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेज पाटिल के नेतृत्व वाले कांग्रेस समर्थित पैनल ने 25 में से 13 सीटें हासिल की थीं। वहीं बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी के महायुति गठबंधन को 12 सीटों पर जीत मिली थी। चुनाव परिणाम 19 अक्टूबर 2026 को घोषित किए गए थे।
इस नतीजे को महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के लिए झटके के तौर पर देखा गया। अब चुनाव के बाद निदेशक मंडल में बदलाव के प्रस्ताव को लेकर कांग्रेस और बीजेपी के बीच राजनीतिक टकराव तेज हो गया है।









