
भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने अपनी वनडे क्रिकेट की सबसे यादगार पारी का खुलासा किया है। स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत के दौरान उन्हें अपनी कई शानदार पारियों में से किसी एक को सर्वश्रेष्ठ चुनने के लिए कहा गया। हैरानी की बात यह रही कि कोहली ने अपनी शतकीय पारियों को पीछे छोड़ते हुए सिर्फ 43 रन की पारी को अपनी सबसे बेहतरीन वनडे पारी बताया।
35 रन की पारी को दी कई शतकों पर तरजीह
बातचीत के दौरान कोहली के सामने साल 2012 में श्रीलंका के खिलाफ खेली गई 133 रन की नाबाद पारी और 2011 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ बनाए गए 35 रन के विकल्प रखे गए। कोहली ने वर्ल्ड कप फाइनल की 35 रन की पारी को चुना।
इसके बाद इस पारी की तुलना 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाए गए 85 रन, 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 122 रन और 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाए गए 160 रन से की गई। लेकिन कोहली ने हर बार 35 रन की पारी को ही प्राथमिकता दी।

43 रन की पारी को बताया अपनी सर्वश्रेष्ठ
इसके बाद कोहली के सामने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई 43 रन की पारी का विकल्प आया। उन्होंने इस पारी को 2011 वर्ल्ड कप फाइनल की 35 रन की पारी से बेहतर चुना।
आगे इस 43 रन की पारी की तुलना 2012 में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 183 रन की पारी, 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बनाए गए 138 रन और पाकिस्तान के खिलाफ बनाए गए 107 रन से की गई। इसके बावजूद कोहली ने 43 रन की पारी को ही चुना।
इस तरह विराट कोहली ने साफ कर दिया कि उनके लिए किसी पारी की अहमियत सिर्फ बनाए गए रनों से तय नहीं होती, बल्कि मैच का मौका और टीम के लिए उसका महत्व भी उतना ही मायने रखता है।






