
नई दिल्ली : भारत निर्वाचन आयोग ने गुरुवार को छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की घोषणा की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल करना है। खासतौर पर युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा।
आयोग के मुताबिक, यह अभियान अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली, दमन और दीव, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम में चलाया जाएगा।
30 नवंबर को जारी होगी मसौदा मतदाता सूची
चुनाव आयोग के अनुसार, इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची का मसौदा 30 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची 21 जनवरी 2027 को जारी होगी।

इस अभियान के तहत उन लोगों को भी पहले से आवेदन करने का मौका मिलेगा, जो 2027 में 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी कर मतदान के योग्य हो जाएंगे। इससे नए मतदाताओं को वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने में आसानी होगी।
राज्यों को जरूरी संसाधन जुटाने के निर्देश
चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया है कि वे इस अभियान को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों और जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करें। आयोग का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।









