
भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपने बयान पर माफी मांग ली है, लेकिन राजनीतिक बयानबाजी थम नहीं रही है। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेता विजय वडेट्टीवार ने धीरेंद्र शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें कहने का अधिकार उन्हें किसने दिया है।
वडेट्टीवार ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को चौराहे पर लाकर ठोकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए बयान से लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है।
‘धीरेंद्र शास्त्री के प्रवचनों पर रोक लगे’
कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम और भगवान कृष्ण को अलग-अलग बताकर धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि धीरेंद्र शास्त्री के प्रवचनों की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए और उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाई जानी चाहिए।

वडेट्टीवार ने यह भी कहा कि धीरेंद्र शास्त्री को पूरे हिंदू समाज से माफी मांगनी चाहिए। उनके मुताबिक, धार्मिक मान्यताओं और भगवान के स्वरूप को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और भगवान कृष्ण के स्वरूप की तुलना की थी। उन्होंने भगवान राम को सीधा और भगवान कृष्ण को तीन जगह से टेढ़ा होकर खड़े होने वाला बताया था।
इसके अलावा उन्होंने कहा था कि बांसुरी बजाना खेल है, लेकिन धनुष चलाना खेल नहीं है। इस बयान को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामला बढ़ने के बाद धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने माफी मांग ली, लेकिन अब भी इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।









