
यूट्यूबर मनीष कश्यप इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। गुरुवार (5 नवंबर 2026) को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अपनी जिंदगी में नए सफर की शुरुआत के संकेत दिए। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर गर्लफ्रेंड अनुष्का शर्मा की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि अब जिंदगी का हर सफर खूबसूरत होगा। इस पोस्ट के बाद दोनों की शादी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
मनीष कश्यप की पोस्ट के बाद लोगों के मन में यह जानने की दिलचस्पी बढ़ गई है कि आखिर अनुष्का शर्मा कौन हैं, उन्होंने कहां से पढ़ाई की है और फिलहाल क्या करती हैं।
ABVP की ओर से पटना यूनिवर्सिटी में लड़ चुकी हैं चुनाव
अनुष्का शर्मा ने साल 2026 में पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव में हिस्सा लिया था। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) समर्थित अध्यक्ष पद की उम्मीदवार थीं। हालांकि, चुनाव में उन्हें जीत नहीं मिली और वह तीसरे स्थान पर रही थीं।

चुनाव प्रचार के दौरान वायरल हुआ था वीडियो
पटना यूनिवर्सिटी छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान अनुष्का का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। यह वीडियो पटना कॉलेज के हॉस्टल का बताया गया था, जिसमें वह कुछ छात्रों के सामने रोती नजर आई थीं।
इसके बाद अनुष्का ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि कुछ लोग उनके चरित्र पर सवाल उठा रहे हैं। वीडियो में मौजूद छात्रों ने कहा था कि वे अपने हॉस्टल के एक अन्य उम्मीदवार का समर्थन कर रहे हैं, इसलिए अनुष्का की मदद नहीं कर सकते।
पटना यूनिवर्सिटी से की है मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई
अनुष्का शर्मा बिहार के औरंगाबाद की रहने वाली हैं। उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन यानी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। उनके पिता नहीं हैं और उनकी मां ने ही उनका पालन-पोषण किया है। अनुष्का ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मनीष कश्यप के साथ तस्वीरें साझा की हैं।
कौन हैं यूट्यूबर मनीष कश्यप?
मनीष कश्यप बिहार के पश्चिम चंपारण जिले से आते हैं। उन्होंने सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और यूट्यूब के जरिए अपनी अलग पहचान बनाई है। सोशल मीडिया पर उनके वीडियो काफी चर्चा में रहते हैं।
हाल ही में मनीष कश्यप रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन-2’ में भी नजर आए थे। शो के दौरान कायरा के साथ उनकी दोस्ती भी काफी चर्चा में रही थी। अब अनुष्का शर्मा के साथ तस्वीर साझा करने के बाद उनकी निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में है। हालांकि, दोनों की शादी की तारीख को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।







