
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी नहीं संभल रही है, तो अमित शाह को पद छोड़ देना चाहिए।
पवन खेड़ा ने आरोप लगाया कि पिछले सात साल में घुसपैठ का मुद्दा हल नहीं हो पाया है। मणिपुर में तीन साल से हालात नहीं सुधरे और अब अरुणाचल प्रदेश से जुड़े घटनाक्रम भी सामने आ रहे हैं।
पुलवामा से लेकर लाल किले तक के मामलों पर उठाए सवाल
पवन खेड़ा ने पुलवामा और पहलगाम हमलों के साथ लाल किले के पास हुए धमाके का जिक्र करते हुए गृह मंत्री पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी के पास बड़ी मात्रा में RDX मिलने जैसी घटनाएं भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अमित शाह गृह मंत्रालय छोड़कर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पार्टी के कार्यक्रमों और चुनावी अभियानों पर ध्यान दें। खेड़ा ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें भी अपनी जिम्मेदारी निभाने की आजादी मिलनी चाहिए।

कई मुद्दों पर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने
देश में कई राजनीतिक मुद्दों को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच टकराव जारी है। कांग्रेस चुनावों में कथित वोट कटौती और धांधली के आरोप लगाते हुए लगातार प्रदर्शन कर रही है। पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठा रही है।
वहीं, बीजेपी ने ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू किया है। इसके तहत पार्टी के बड़े नेता देश के अलग-अलग हिस्सों में जनसभाएं कर रहे हैं।
SIR को लेकर भी जारी है सियासी टकराव
विपक्षी दल मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इस मुद्दे पर मामला सुप्रीम कोर्ट में भी विचाराधीन है। हाल ही में इंडिया गठबंधन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली कर सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की थी।
इसके अलावा राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खुली बहस की चुनौती भी दे चुके हैं। अरुणाचल प्रदेश में नदी बचाने की मांग को लेकर लोगों के दिल्ली में प्रदर्शन और मणिपुर के हालात ने भी राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है।









