दिल्ली में दिवाली के प्रदूषण पर CREA का बड़ा खुलासा, डेटा गायब होने से 49% कम आंका गया PM2.5 का स्तर

दिल्ली में दिवाली प्रदूषण को लेकर CREA की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। PM2.5 के 18% आंकड़े गायब होने से औसत प्रदूषण स्तर 49% कम आंका गया।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दिवाली के दौरान वायु प्रदूषण को लेकर सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) की रिपोर्ट ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। संस्था के ताजा विश्लेषण के मुताबिक, दिवाली के दिन कई वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों से PM2.5 के आंकड़े गायब रहने के कारण दिल्ली में प्रदूषण का वास्तविक स्तर कम आंका गया हो सकता है। रिपोर्ट में अनुमान जताया गया है कि यदि गायब आंकड़ों को अधिकतम 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की रीडिंग मानकर गणना की जाती तो शहर का औसत PM2.5 स्तर 49 प्रतिशत तक अधिक हो सकता था।

CREA के विश्लेषण के अनुसार, दिल्ली में 8 नवंबर शाम 4 बजे से 9 नवंबर शाम 4 बजे तक 59 निगरानी केंद्रों के प्रति घंटा PM2.5 आंकड़ों की जांच की गई। इस दौरान कुल 1416 संभावित रीडिंग में से 255 आंकड़े उपलब्ध नहीं मिले। यानी करीब 18 प्रतिशत डेटा गायब था। संस्था ने अपने आकलन में इन गायब आंकड़ों की जगह 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का स्तर रखकर गणना की। इसके बाद औसत PM2.5 का स्तर 269 से बढ़कर 400 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया।

CPCB के सिस्टम की सीमा पर उठे सवाल

यह रिपोर्ट केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के उस बयान के बाद सामने आई है, जिसमें बोर्ड ने बताया था कि उसके निगरानी केंद्रों के उपकरण पार्टिकुलेट मैटर का अधिकतम 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक ही मापन करने के लिए निर्धारित थे। दिवाली की रात कई स्थानों पर प्रदूषण का स्तर इस सीमा से ऊपर पहुंच गया था। ऐसे में उपकरण कई घंटों तक वास्तविक रीडिंग दर्ज नहीं कर सके। CPCB ने यह भी स्पष्ट किया था कि AQI की गणना करते समय इन अत्यधिक ऊंची रीडिंग को शामिल नहीं किया गया।

CREA के मुताबिक, यदि इन आंकड़ों को शामिल किया जाता तो दिल्ली की वायु गुणवत्ता की स्थिति आधिकारिक आंकड़ों से कहीं अधिक खराब दिखाई दे सकती थी। रिपोर्ट में बताया गया है कि 9 नवंबर को दिल्ली का AQI 344 दर्ज किया गया था, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। हालांकि, PM2.5 के अधिक स्तर को शामिल करने पर प्रदूषण गंभीर श्रेणी के करीब पहुंच सकता था।

दिवाली की रात कई इलाकों में 3000 के पार पहुंचा PM2.5

दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) के आंकड़े भी प्रदूषण की भयावह स्थिति की ओर इशारा करते हैं। DPCC राजधानी के 60 में से 43 निगरानी केंद्रों का संचालन करती है। इन केंद्रों पर दिवाली की रात PM2.5 का स्तर 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक दर्ज किया गया। कम से कम 11 स्थानों पर प्रति घंटे का स्तर 2000 माइक्रोग्राम से ऊपर पहुंच गया, जबकि चार स्थानों पर यह आंकड़ा 3000 के पार चला गया।

आंकड़ों के मुताबिक, मुंडका में सोमवार रात 2 बजे PM2.5 का स्तर 3744 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंच गया था। इसके बावजूद CPCB की ओर से मुंडका के आधी रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक के PM2.5 आंकड़े साझा नहीं किए गए। इससे निगरानी व्यवस्था और प्रदूषण के वास्तविक आकलन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

क्या है PM2.5 का राष्ट्रीय और वैश्विक मानक?

PM2.5 हवा में मौजूद ऐसे सूक्ष्म कण होते हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये कण सांस के जरिए फेफड़ों के भीतर तक पहुंच सकते हैं और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माने जाते हैं। भारत में PM2.5 का राष्ट्रीय दैनिक मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की 24 घंटे की गाइडलाइन 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है। इस लिहाज से दिल्ली में दर्ज प्रदूषण का स्तर निर्धारित मानकों से कई गुना अधिक था।

CREA ने क्या दी सफाई?

CREA ने स्पष्ट किया है कि गायब आंकड़ों की जगह 1000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर का मान रखने का उद्देश्य यह साबित करना नहीं है कि सभी 255 रीडिंग इसी वजह से गायब हुई थीं। संस्था ने इसे एक संवेदनशीलता विश्लेषण (Sensitivity Analysis) बताया है। इसका मकसद यह समझना है कि यदि गायब आंकड़ों में प्रदूषण का स्तर अधिकतम निर्धारित सीमा के आसपास होता तो दिल्ली के औसत प्रदूषण पर कितना असर पड़ सकता था।

रिपोर्ट के मुताबिक, 9 नवंबर को रात 1 बजे दिल्ली में PM2.5 का अधिकतम स्तर 584 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था। लेकिन उस समय का कुछ डेटा उपलब्ध नहीं था। विश्लेषण में गायब आंकड़ों को 1000 माइक्रोग्राम मानने पर रात 2 बजे अधिकतम स्तर 825 और रात 3 बजे 824 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया।

CREA के इस विश्लेषण ने दिल्ली में वायु प्रदूषण की निगरानी और आंकड़ों की विश्वसनीयता को लेकर नई बहस छेड़ दी है। रिपोर्ट का मुख्य सवाल यह है कि जब प्रदूषण का स्तर उपकरणों की मापन सीमा पार कर जाता है तो उस दौरान के आंकड़ों को किस तरह दर्ज किया जाए, ताकि लोगों को हवा की वास्तविक स्थिति की सही जानकारी मिल सके।

Back to top button