
दिल्ली का मशहूर खान मार्केट एक बार फिर अपनी महंगी दुकानों और बढ़ते किराये को लेकर चर्चा में है। दुनिया के प्रमुख खुदरा बाजारों की ताजा सूची में इसे 24वां स्थान मिला है। इसके साथ ही खान मार्केट भारत का सबसे महंगा प्रमुख रिटेल मार्केट बना हुआ है। कुशमैन एंड वेकफील्ड की रिपोर्ट के अनुसार, यहां दुकानों का सालाना किराया 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट तक पहुंच गया है।
खान मार्केट में तेजी से बढ़ा दुकानों का किराया
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के खान मार्केट में प्रीमियम दुकानों की मांग लगातार बनी हुई है। इसी वजह से यहां किराये में पिछले साल के मुकाबले 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। मौजूदा दर करीब 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट सालाना है, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 1,875 रुपये प्रति वर्ग फुट मासिक बैठती है।
कुशमैन एंड वेकफील्ड की ‘मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026’ रिपोर्ट में दुनिया के 147 प्रमुख रिटेल बाजारों के किराये का विश्लेषण किया गया है। इस सूची में खान मार्केट ने अपनी जगह बरकरार रखी है।
न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू बना सबसे महंगा बाजार
दुनिया के सबसे महंगे रिटेल मार्केट की सूची में न्यूयॉर्क का अपर फिफ्थ एवेन्यू पहले स्थान पर पहुंच गया है। यहां सालाना किराया 35 प्रतिशत बढ़कर 2,700 डॉलर प्रति वर्ग फुट हो गया है।
वहीं, लंदन का न्यू बॉन्ड स्ट्रीट 2,230 डॉलर प्रति वर्ग फुट के किराये के साथ दूसरे नंबर पर है। इटली के मिलान स्थित विया मोंटेनापोलियोने ने 2,160 डॉलर प्रति वर्ग फुट के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया के प्रमुख खुदरा बाजारों में किराये की औसत सालाना वृद्धि 3 प्रतिशत रही। हालांकि, पिछले साल यह आंकड़ा 4.3 प्रतिशत था। सर्वे में शामिल 49 प्रतिशत बाजारों में किराया बढ़ा, जबकि 19 प्रतिशत बाजारों में कमी आई। वहीं, 32 प्रतिशत बाजारों में किराये पहले जैसे ही बने रहे।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही भारतीय बाजारों की पहचान
कुशमैन एंड वेकफील्ड के विशेषज्ञों के मुताबिक, भारत में बढ़ती खरीदारी, बड़े ब्रांड्स के विस्तार और महंगे उत्पादों की मांग से रिटेल सेक्टर को मजबूती मिल रही है। खान मार्केट की वैश्विक रैंकिंग इस बात का संकेत है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय खुदरा बाजारों की अहमियत लगातार बढ़ रही है।









