चेन्नई से दिल्ली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचा युवक,  तो पिटाई से हो गई मौत!

सोशल मीडिया पर शुरू हुई जान-पहचान एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। चेन्नई से दिल्ली अपनी पसंद की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचे युवक की कथित तौर पर जमकर पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके की है। पुलिस ने मामले में युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी मुलाकात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक चेन्नई की एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से दिल्ली में रहने वाली एक युवती से हुई थी। युवक युवती के वीडियो देखता था और सोशल मीडिया पर उन्हें लाइक भी करता था। समय के साथ वह युवती को पसंद करने लगा और उससे मिलने की इच्छा में चेन्नई से दिल्ली पहुंच गया।

घर में दाखिल होने की कोशिश के बाद हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, युवती के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर करीब 29 लाख से अधिक फॉलोअर्स और सब्सक्राइबर हैं। युवक 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार स्थित युवती के घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने घर के अंदर जाने की कोशिश की। इसी बात को लेकर वहां विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि युवती के पिता और आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। हमले में युवक को काफी गंभीर चोटें आईं। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन अस्पतालों में चला इलाज, फिर भी नहीं बच सकी जान

मारपीट में घायल युवक को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी उसकी हालत में खास सुधार नहीं हुआ, जिसके बाद उसे एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद युवक की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

पिता और पड़ोसी पुलिस की गिरफ्त में

युवक की मौत के बाद मधु विहार थाने में गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।

जांच के दौरान युवती के भाई और कुछ अन्य पड़ोसियों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है। पुलिस अब घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है, ताकि मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।

Back to top button