पन्नू केस में 19 साल 7 महीने की सजा, अब निखिल गुप्ता के पास क्या हैं विकल्प? राहत पाने के 4 रास्ते

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को अमेरिका की अदालत ने 19 साल 7 महीने यानी कुल 235 महीने जेल की सजा सुनाई है। इस फैसले के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या निखिल गुप्ता के पास इस सजा से राहत पाने का कोई कानूनी रास्ता बचा है? क्या उनकी सजा कम हो सकती है या फिर उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति से माफी मिल सकती है? आइए समझते हैं कि उनके सामने अब कौन-कौन से चार विकल्प मौजूद हैं।

पहला रास्ता: ऊपरी अदालत में अपील

निखिल गुप्ता के पास सजा के खिलाफ ऊपरी अदालत का दरवाजा खटखटाने का विकल्प है। इसके लिए उन्हें सीमित कानूनी आधारों पर अपील करनी होगी। आमतौर पर अमेरिकी संघीय व्यवस्था में अपील दाखिल करने की समय सीमा 14 दिन होती है।

हालांकि, इस मामले में एक अहम बात यह है कि निखिल गुप्ता फरवरी 2026 में अपने ऊपर लगे तीनों आरोप स्वीकार कर चुके हैं। ऐसे में उनके लिए सजा को चुनौती देना आसान नहीं होगा। लेकिन अगर वह यह साबित कर पाते हैं कि अपराध स्वीकार करने का फैसला स्वेच्छा से नहीं लिया गया था, या सजा सुनाने के दौरान कानूनी प्रक्रिया का पालन नहीं हुआ, तो अपील का रास्ता खुल सकता है।

दूसरा रास्ता: सजा रद्द कराने की कानूनी कोशिश

दूसरा विकल्प सजा को रद्द कराने या उसमें कानूनी सुधार की मांग करना है। इसके लिए निखिल गुप्ता संवैधानिक अधिकारों के उल्लंघन, अदालत के अधिकार क्षेत्र से जुड़े सवाल या अपने वकील की ओर से प्रभावी कानूनी सहायता नहीं मिलने जैसे आधार पेश कर सकते हैं।

हालांकि, इसके लिए उन्हें ठोस कानूनी आधार और पर्याप्त सबूत देने होंगे। केवल सजा से असहमति जताने भर से अदालत अपने फैसले को नहीं बदलती।

तीसरा रास्ता: जेल की अवधि कम कराने की मांग

निखिल गुप्ता के पास जेल की सजा कम कराने का विकल्प भी मौजूद है। अमेरिकी कानून के तहत कुछ विशेष परिस्थितियों में कैदी सजा सुनाने वाली अदालत से राहत मांग सकते हैं।

इसके लिए गंभीर बीमारी, परिवार की असाधारण परिस्थितियों या अन्य मानवीय आधारों का सहारा लिया जा सकता है। हालांकि, इससे पहले निर्धारित प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पालन करना जरूरी होता है।

इसके अलावा, यदि कोई कैदी किसी दूसरे अपराध की जांच या अभियोजन में महत्वपूर्ण सहयोग करता है, तो सरकार की ओर से अदालत में याचिका दाखिल कर उसकी सजा में कमी की मांग की जा सकती है।

चौथा रास्ता: अमेरिकी राष्ट्रपति से माफी की गुहार

निखिल गुप्ता के पास आखिरी विकल्प अमेरिकी राष्ट्रपति से क्षमादान या सजा कम करने की अपील करना है। अमेरिकी राष्ट्रपति को संघीय अपराधों में सजा माफ करने या कम करने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।

हालांकि, यह पूरी तरह राष्ट्रपति के विवेक पर निर्भर करता है। गंभीर आपराधिक मामलों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवेदनशील मामलों में ऐसी राहत मिलना आसान नहीं माना जाता।

वकील ने भी जताई थी कम सजा की उम्मीद

निखिल गुप्ता की वकील इसाबेल किर्शनेर ने अदालत में दलील दी थी कि इस पूरे मामले में गुप्ता मुख्य साजिशकर्ता नहीं थे और उनकी भूमिका के हिसाब से सजा तय की जानी चाहिए। बचाव पक्ष ने कम सजा की मांग की थी और मामले से जुड़े दस्तावेजों तथा सबूतों की समीक्षा के लिए अतिरिक्त समय भी मांगा था।

लेकिन अदालत ने उन्हें 235 महीने की सजा सुनाई, जो अभियोजन पक्ष की ओर से बताई गई संभावित सजा की सीमा 235 से 293 महीने में सबसे कम थी।

अब देखना होगा कि निखिल गुप्ता और उनकी कानूनी टीम इन चार विकल्पों में से किस रास्ते को अपनाती है। फिलहाल इतना साफ है कि उनके सामने कानूनी लड़ाई के कुछ रास्ते जरूर हैं, लेकिन किसी भी विकल्प से सजा कम होने या माफी मिलने की गारंटी नहीं है।

Back to top button