पीएम मोदी और बालेन शाह की मुलाकात, जनकपुर-अयोध्या ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, निवेश, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इस मौके पर दोनों प्रधानमंत्रियों ने जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा पर भारत पहुंचे बालेन शाह

36 वर्षीय बालेन शाह के मार्च में नेपाल का प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर वह रविवार को नेपाल एयरलाइंस की नियमित उड़ान से भारत पहुंचे।

बालेन शाह 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। इसमें उनके मुख्य सलाहकार कुमार बयांजनकर, वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले और विदेश मंत्री शिशिर खनाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। उनके साथ नेपाल का एक कारोबारी प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है।

राष्ट्रपति मुर्मू से भी करेंगे मुलाकात

भारत दौरे के दौरान नेपाल के प्रधानमंत्री राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी बालेन शाह से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे।

दोनों देशों के बीच होने वाली वार्ता में आपसी संबंधों को मजबूत बनाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

कई अहम समझौतों पर हो सकता है फैसला

इस दौरे के दौरान भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग से जुड़ी परियोजनाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, अंतरिक्ष, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी हो सकता है।

बालेन शाह नेपाल-भारत बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगे और भारतीय उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। इस बातचीत का मुख्य उद्देश्य नेपाल में निवेश के नए अवसर तलाशना और दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंधों को आगे बढ़ाना है।

ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर रहेगा खास जोर

भारत और नेपाल के बीच ऊर्जा सहयोग लंबे समय से द्विपक्षीय संबंधों का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। नेपाल अपनी अतिरिक्त जलविद्युत का भारत को निर्यात कर रहा है। दोनों देश बिजली व्यापार बढ़ाने के साथ-साथ पारेषण नेटवर्क और सीमा पार ऊर्जा परियोजनाओं पर भी काम कर रहे हैं।

इसके अलावा व्यापार और परिवहन सुविधाओं को बेहतर बनाना भी दोनों देशों की प्राथमिकताओं में शामिल है। नेपाल अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए भारतीय मार्गों पर काफी हद तक निर्भर है। ऐसे में सड़क, रेल और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के विस्तार से दोनों देशों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

मार्च में बनी थी बालेन शाह की सरकार

नेपाल में पिछले साल सितंबर में हुए जेन-जी आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके करीब छह महीने बाद मार्च में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) के नेतृत्व में बालेन शाह ने प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।

सरकार बनने के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया था। नेपाल के प्रधानमंत्रियों की परंपरा रही है कि वे अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय विदेश यात्रा के लिए भारत को प्राथमिकता देते हैं। हालांकि, यह कोई अनिवार्य नियम नहीं है। साल 2024 में केपी शर्मा ओली ने अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन का चुनाव किया था।

भारत दौरे से पहले विपक्ष ने दी थी सलाह

बालेन शाह की भारत यात्रा से पहले नेपाल के मुख्य विपक्षी दल नेपाली कांग्रेस ने सरकार को राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी थी।

पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने कहा था कि यह दौरा दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने भारत के साथ पहले हुए समझौतों और प्रतिबद्धताओं को लागू करने, लंबित मुद्दों को सुलझाने और आपसी लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया था।

Back to top button