- दम्माम एयरपोर्ट पर हमले से हड़कंप: एक भारतीय समेत दो की मौत, दो भारतीय घायल
रियाद। सऊदी अरब के दम्माम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। इस घटना में दो अन्य भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सऊदी अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी।
भारतीय दूतावास ने जताया दुख
रियाद में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि सऊदी अधिकारियों के अनुसार, बुधवार रात दम्माम हवाई अड्डे पर हुए हमले में जान गंवाने वाले दो लोगों में एक भारतीय नागरिक था, जबकि दो अन्य भारतीय घायल हुए हैं।
दूतावास ने कहा कि वह घटना से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी जुटा रहा है और प्रभावित परिवारों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। साथ ही, मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हमले में आठ लोग घायल
सऊदी अरब की जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन की ओर से गुरुवार को जारी बयान के मुताबिक, हमले में दो लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक सऊदी नागरिक और एक भारतीय निवासी शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, घटना में कुल आठ लोग घायल हुए हैं। इनमें एक सऊदी नागरिक, दो भारतीय, दो यमनी, दो बांग्लादेशी और एक नेपाली नागरिक शामिल हैं। घायलों को मामूली से लेकर गंभीर चोटें आई हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा जारी
जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने बताया कि नुकसान का आकलन करने और यात्रियों तथा हवाई अड्डे पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर कदम उठाए जा रहे हैं। घटना की जांच भी जारी है।
हवाई यातायात फिर हुआ सामान्य
यह घटना बुधवार, 21 अक्टूबर की शाम दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुई थी। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि हमले के बाद हवाई अड्डे का संचालन दोबारा शुरू हो गया है और हवाई यातायात सामान्य हो गया है।
इस बीच, अमेरिकी विदेश विभाग ने फारस की खाड़ी क्षेत्र से बड़े पैमाने पर अमेरिकी कर्मियों को वापस बुलाए जाने संबंधी मीडिया रिपोर्टों का खंडन किया। विभाग ने स्पष्ट किया कि गैर-आपातकालीन कर्मचारियों और उनके परिवारों की वापसी का आदेश केवल सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी राजनयिक केंद्रों पर लागू होता है।









