प्रशिक्षण महाभियान से कार्यकर्ताओं को विचारधारा से जोड़ने का अभियान : अजीत सिंह बब्बन

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत जनपद के विभिन्न मंडलों में आयोजित हो रहे दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्गों की समीक्षा बैठक जिला भाजपा कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रशिक्षण वर्गों की प्रगति, कार्यकर्ताओं की भागीदारी तथा आगामी सत्रों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशिक्षण महाभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा संगठनात्मक दायित्वों के प्रति और अधिक सशक्त एवं जागरूक बनाना है।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद एवं अंत्योदय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह प्रशिक्षण अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं बल्कि समाज सेवा के लिए समर्पित कर्मयोगी होता है। प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन के इतिहास, विचारधारा और जनसेवा के संस्कारों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में मंडलों में आयोजित प्रशिक्षण वर्गों की व्यवस्थाओं, विषय विशेषज्ञों के सत्र, कार्यकर्ताओं की उपस्थिति तथा कार्यक्रम की प्रभावशीलता पर भी समीक्षा की गई। जिलाध्यक्ष ने सभी मंडल पदाधिकारियों से कहा कि प्रशिक्षण वर्गों को पूरी गंभीरता और अनुशासन के साथ सफल बनाया जाए ताकि प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीति-नीति और कार्यपद्धति को भलीभांति समझ सके।
बैठक में प्रमुख रूप से महामंत्री एवं अभियान संयोजक अनुराग मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह गुड्डू, प्रीतेश दीक्षित, पूर्व उपाध्यक्ष आजाद भदौरिया, मीडिया प्रभारी गांगेश पाठक, आईटी संयोजक सौरभ सिंह गौर, अभियान टोली सदस्य अनुराधा मिश्रा, सनी दीक्षित, ऋषभ त्रिपाठी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षण महाभियान को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button