
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने 91 वर्ष की उम्र में उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार और जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है। इस खबर के सामने आने के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
पंचूर गांव स्थित घर में हुआ निधन
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी अपने पैतृक गांव पंचूर में ही रह रही थीं। यहीं उनके आवास पर उनका निधन हुआ। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद डॉक्टर को भी बुलाया गया था। जिला सूचना अधिकारी ने भी उनके निधन की पुष्टि की है।
सावित्री देवी के निधन की खबर फैलने के बाद गांव में शोक व्यक्त करने के लिए लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। परिवार के सदस्यों की ओर से भी इस दुखद खबर की पुष्टि की गई है।
सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं सीएम योगी
योगी आदित्यनाथ का परिवार उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव से ताल्लुक रखता है। मुख्यमंत्री योगी चार भाई और तीन बहनों सहित कुल सात भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर हैं। उनका परिवार लंबे समय से इसी गांव में रहता आया है।
योगी आदित्यनाथ भले ही उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासन की जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हों, लेकिन समय-समय पर अपने पैतृक गांव पहुंचकर परिवार से मुलाकात करते रहे हैं। वह अपनी मां का हालचाल जानने के लिए भी गांव जाते थे।
पिता के निधन पर भी नहीं पहुंच पाए थे योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर के पद पर कार्यरत थे। उनका निधन 20 अप्रैल 2020 को हुआ था। उस समय कोरोना महामारी के कारण लागू परिस्थितियों के बीच योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। उन्होंने उस दौरान अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हुए उत्तर प्रदेश में ही रहने का फैसला किया था।
मां से मिलने गांव पहुंचते रहे थे मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ का अपनी मां के साथ भावनात्मक जुड़ाव रहा है। वह समय-समय पर उत्तराखंड के पंचूर गांव जाकर उनसे मुलाकात करते थे। फरवरी 2026 और मई 2022 में भी मुख्यमंत्री अपने पैतृक गांव पहुंचे थे और अपनी मां का हालचाल जाना था।
इन मुलाकातों की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिनमें वह अपनी मां के साथ दिखाई दिए थे। अब सावित्री देवी के निधन की खबर से परिवार और परिचितों के बीच शोक की स्थिति है। उनके पैतृक गांव पंचूर में भी लोग पहुंचकर परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।








