सी.एम.एस. शिक्षिका को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखनऊ : सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, अलीगंज द्वितीय कैम्पस की शिक्षिका श्रीमती ऋतु गुप्ता को अंतरराष्ट्रीय प्राइमरी टिचर्स ओलंपियाड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हेतु 25,000 रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। इस प्रतिष्ठित ओलंपियाड में श्रीमती गुप्ता ने द्वितीय रैंक प्राप्त कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने अपनी शिक्षण प्रतिभा और प्रोफेशनल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस ओलंपियाड का आयोजन शैक्षिक संस्था एपीजेयूकेटर्स द्वारा तवांगधाम में किया गया था।

सी.एम.एस. के हेड, कम्युनिकेशन श्री ऋषि खन्ना ने बताया कि श्रीमती गुप्ता ने प्राइमरी कक्षाओं के नन्हें-मुन्हें छात्रों को शिक्षित करने में अपनी दक्षता और नवाचारों से शिक्षा में उत्कृष्टता का परिचय दिया। उनकी प्रतिभा, समर्पण और कौशल ने विद्यालय की “ब्रॉड एंड बॉल्ड” शिक्षा पद्धति को नई ऊँचाइयाँ दीं।

ओलंपियाड का उद्देश्य प्राइमरी शिक्षकों की शिक्षण क्षमताओं और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना था। श्रीमती गुप्ता उन श्रेष्ठ शिक्षकों में से हैं जिन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। उनकी शिक्षण शैली रचनात्मकता, ज्ञान और कौशल का अद्भुत संयोजन है।

सी.एम.एस. संस्थापक-निदेशक डॉ. भारती गांधी ने इस सफलता पर श्रीमती ऋतु गुप्ता को हार्दिक बधाई दी।

श्री खन्ना ने कहा कि सी.एम.एस. शिक्षकों की लगन और कार्यनिष्ठा के बल पर विद्यालय लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। 66 वर्षों की शैक्षिक यात्रा में सी.एम.एस. ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नया मानदंड स्थापित किया है। केवल लखनऊ ही नहीं, अपितु पूरे प्रदेश और देश को इस पर गर्व है।

सी.एम.एस. छात्रों को भौतिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक तीनों प्रकार की शिक्षा देकर उन्हें संपूर्ण व्यक्तित्व का धनी, मानवता के लिए ईश्वर के दूत स्वरूप “वर्ल्ड क्लास क्वालिटी पर्सन” बनाने हेतु संकल्पित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button