INDIA गठबंधन की रैली पर सियासी घमासान, भाजपा भी दिल्ली में निकालेगी मार्च; रामलीला मैदान में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नई दिल्ली : दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक तरफ विपक्षी दल चुनाव आयोग और SIR प्रक्रिया के खिलाफ एकजुट होकर प्रदर्शन कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ भाजपा ने भी इस रैली के विरोध में दिल्ली में मार्च निकालने का ऐलान किया है। इसे लेकर दोनों पक्षों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा कि INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और रैली को सफल बनाने के लिए सभी दल पूरी ताकत से जुटे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन रैली को रोकने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोशिश सफल नहीं होगी। बर्क ने कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और SIR पर रोक नहीं लगती, तब तक विपक्ष का संघर्ष जारी रहेगा।

भाजपा आज दिल्ली में निकालेगी मार्च

INDIA गठबंधन की रामलीला मैदान में होने वाली रैली के विरोध में भाजपा भी आज दिल्ली में मार्च निकालेगी। इसको लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। दोनों पक्षों के नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने INDIA गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि यह गठबंधन कहीं दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि गठबंधन के दल अलग-अलग चुनाव लड़ते हैं और एक-दूसरे के खिलाफ बयान देते हैं। कश्यप के मुताबिक, अगर इस रैली का मकसद दिल्ली की जनता को परेशान करना, अराजकता फैलाना और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयानबाजी करना है, तो देश की जनता इसे स्वीकार नहीं करेगी।

रामलीला मैदान में इतिहास रचेगा INDIA गठबंधन: आराधना मिश्रा

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि यह लड़ाई देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता, आम नागरिक और INDIA गठबंधन के नेता अपने मताधिकार की सुरक्षा के लिए एकजुट हैं।

आराधना मिश्रा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो उनके खिलाफ महाभियोग की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि रामलीला मैदान की रैली में आज इतिहास रचा जाएगा।

ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा: इमरान मसूद

कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा। मसूद ने दावा किया कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप साबित हो चुके हैं और अगर वह इस्तीफा नहीं देते हैं, तो अदालत से उन्हें जवाब देना पड़ेगा।

बारिश के बाद बाल्टियों से निकाला गया पानी

रामलीला मैदान में रैली से पहले बारिश के कारण कई जगह पानी भर गया था। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मैदान को तैयार करने के लिए मानव शृंखला बनाई और बाल्टियों की मदद से पानी बाहर निकाला। कार्यकर्ता एक-दूसरे को बाल्टियां थमाकर मैदान की सफाई में जुटे रहे। इसके साथ ही मंच और पंडाल तैयार करने का काम भी जारी रहा।

रामलीला मैदान की सुरक्षा के लिए 14 जोन बनाए गए

INDIA गठबंधन की रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे मैदान को 14 जोन में बांटा गया है।

सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि रैली में शामिल होने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। मार्च के निर्धारित रास्ते पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि पूरे इलाके को 200 से 250 सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। पुलिस की टीमें मिलकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।

Back to top button