“लखनऊ के कुर्सी रोड स्थित मिश्रपुर गांव में ट्रांसफार्मर ठीक करने पहुंचे संविदा बिजली कर्मियों को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर पीटा। लाठी-डंडों से मारपीट, उपकरण तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी के मामले में गुडंबा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।“
राजधानी लखनऊ में बिजली संकट के बीच ट्रांसफार्मर की मरम्मत करने पहुंचे संविदा बिजली कर्मियों के साथ मारपीट और बंधक बनाने का मामला सामने आया है। कुर्सी रोड स्थित मिश्रपुर गांव में ओवरलोड ट्रांसफार्मर को ठीक करने गए दो बिजली कर्मियों को ग्रामीणों ने घेर लिया और लाठी-डंडों से पीट दिया। घटना के बाद गुडंबा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक जीपीआरए बिजली उपकेंद्र से जुड़े मिश्रपुर गांव में आनंद टाइल्स के पास लगा 400 केवीए ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण ट्रिप कर गया था। क्षेत्र के लोगों ने बिजली न आने की शिकायत की थी, जिसके बाद संविदा कर्मी अमरदीप और ओमप्रकाश मौके पर पहुंचे थे।

बिजली बहाल होते ही कर्मियों को घेरकर पीटा
बिजली कर्मियों ने ट्रांसफार्मर की खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। आरोप है कि इसके तुरंत बाद 10 से 15 लोगों ने दोनों कर्मियों को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।
घटना के दौरान बिजली कर्मियों को कुछ देर तक बंधक बनाकर रखा गया। हमलावरों ने विभागीय उपकरण भी छीन लिए और टॉर्च तोड़ दी। जिस दोपहिया वाहन से कर्मचारी पहुंचे थे, उसमें भी ईंट-पत्थर मारकर तोड़फोड़ की गई।
अभियंताओं को बुलाने की कर रहे थे मांग
उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडे ने आरोप लगाया कि ग्रामीण अवर अभियंता और उपखंड अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
संविदा कर्मियों ने संबंधित अधिकारियों को फोन भी किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। घायल अवस्था में दोनों कर्मी बिजली उपकेंद्र पहुंचे, जहां से उन्हें गुडंबा थाने ले जाया गया। पुलिस ने मेडिकल कराने के बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
31 संवेदनशील बिजली उपकेंद्रों पर पुलिस तैनात
बढ़ते बिजली संकट और उपभोक्ताओं के आक्रोश को देखते हुए शहर के 31 संवेदनशील बिजली उपकेंद्रों पर दूसरे दिन भी पुलिस बल तैनात रहा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लगातार फील्ड में काम कर रहे कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
कई इलाकों में घंटों बिजली संकट
रविवार को शहर के कई इलाकों में तकनीकी खराबियों के कारण बिजली संकट बना रहा। ओल्ड अमीनाबाद बिजली उपकेंद्र क्षेत्र में एलटी लीड जलने से खयालीगंज, एसपी सिटी और नाथ सिनेमा इलाके में करीब एक घंटे बिजली बाधित रही।
वहीं पांडेगंज, रस्सी पठान और आसपास के क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर की लीड जलने से करीब 500 उपभोक्ता प्रभावित हुए। भीकमपुर उपकेंद्र से जुड़े छोटा चांदगंज क्षेत्र में एरियल बंच केबल जलने से भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
ओवरलोड फीडरों का किया जा रहा लोड विभाजन
न्यू उतरेटिया, ओल्ड उतरेटिया और अंबेडकर विश्वविद्यालय फीडरों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए बिजली विभाग ने लोड विभाजन का काम तेज कर दिया है।
नीलमथा, रिंग रोड, बलदेव विहार और तेलीबाग क्षेत्रों में नए खंभे लगाकर लाइनें डाली जा रही हैं ताकि ओवरलोड फीडरों का दबाव कम किया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
डंपर की टक्कर से टूटे चार बिजली खंभे
माल क्षेत्र में मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से चार बिजली खंभे टूट गए, जिससे करीब 125 घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विभाग ने रविवार दोपहर बाद बिजली बहाल कर दी।
इधर अपट्रान 33 केवी उपकेंद्र के पास खाली प्लॉट में लगी आग को भी बिजली विभाग और दमकल कर्मियों ने देर रात काबू में कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









