“लखनऊ में जमीन हड़पने के लिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले प्रॉपर्टी डीलर और महिला साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने वाहन भी बरामद किया।“
लखनऊ। राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में जमीन हड़पने के लिए अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में प्रॉपर्टी डीलर और उसकी महिला साथी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काली फार्च्यूनर कार भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के मोहारीकला निवासी रीता सैनी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने संगठित षड्यंत्र के तहत उनके पति हरिओम शिव वनमाली का अपहरण किया, उन्हें नशीला पदार्थ देकर अचेत किया और फिर अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर जमीन हड़पने की कोशिश की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी के निर्देशन में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। टेक्निकल और मैनुअल सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने सरयू अपार्टमेंट क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सुनील शुक्ला और आकांक्षा पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया।

ऐसे रची गई थी साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे शुभ मंगलम इन्फ्रा के नाम से मोहारीकला क्षेत्र में प्रॉपर्टी साइट चला रहे थे। गांव में हरिओम शिव वनमाली की जमीन खरीदने की बातचीत चल रही थी, लेकिन उनकी पत्नी रीता सैनी जमीन देने को तैयार नहीं थीं।
इसके बाद आरोपियों ने गांव के ही राजू और नरेंद्र कुमार को अपने साथ मिला लिया। 28 अप्रैल को योजना के तहत हरिओम को बुलाकर अपनी फार्च्यूनर कार में बैठाया गया। आरोपियों ने उन्हें शराब पिलाई और बाद में उसमें नशीला पदार्थ मिला दिया, जिससे वह अचेत हो गए।
इसके बाद आरोपी उन्हें सैनिक गेस्ट हाउस ले गए, जहां अचेत अवस्था में महिला आरोपी के साथ अश्लील वीडियो और फोटो बनाए गए। योजना थी कि अगले दिन होश में आने पर वीडियो दिखाकर रेप केस में फंसाने की धमकी देंगे और दबाव बनाकर जमीन अपने नाम करवा लेंगे।
पत्नी की सूझबूझ से खुला मामला
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की योजना उस समय विफल हो गई जब हरिओम की पत्नी रीता सैनी ने हिम्मत दिखाते हुए थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- सुनील शुक्ला (35 वर्ष) निवासी पटेल नगर, नीलमथा, लखनऊ
- आकांक्षा पाण्डेय (30 वर्ष) निवासी सरयू इनक्लेव, सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ
फरार आरोपी
- राजू पुत्र शोभनाथ, निवासी मोहारीकला
- नरेंद्र कुमार पुत्र ईश्वरदीन, निवासी मोहारीकला
बरामदगी
- घटना में प्रयुक्त UP32PT2575 नंबर की काली फार्च्यूनर कार
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह की भूमिका की जांच की जा रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








