“लखनऊ-सुलतानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौत हुई। तीन की मौत गोसाईंगंज CHC में हुई, जबकि गंभीर घायल मजदूर ने ट्रॉमा सेंटर ले जाते समय दम तोड़ दिया।“
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के गंगागंज के पास ईंटों से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन मजदूर शामिल हैं।
हादसा सुबह करीब 4:45 बजे हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने के बाद उस पर सवार चालक और मजदूर ईंटों तथा ट्रॉली के नीचे दब गए। राहगीरों की सूचना पर गोसाईंगंज पुलिस, फायर सर्विस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से ट्रॉली हटाकर सभी को बाहर निकाला गया।
सीएचसी में तीन की मौत, एक ने रास्ते में तोड़ा दम
रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को 108 एंबुलेंस से गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक मजदूर की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई।
मृतकों की पहचान पीतांबर रावत (35), संदीप रावत (25), पवन रावत (25) और बलराम रावत के रूप में हुई है। चारों बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।
बाराबंकी की ईंट भट्ठे पर करते थे काम
पुलिस की जांच में सामने आया कि पीतांबर रावत बाराबंकी के अचककामऊ गांव स्थित देशराज के आरबीएफ ईंट भट्ठे पर ट्रैक्टर चलाता था। वहीं संदीप, पवन और बलराम मजदूरी करते थे और ईंटों की लोडिंग-अनलोडिंग का काम संभालते थे।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
क्रेन से हटाई गई ट्रॉली, यातायात हुआ सामान्य
हादसे के बाद सुल्तानपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



