“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना खरीदारी और गैर-जरूरी विदेश यात्रा टालने की अपील का शेयर बाजार पर बड़ा असर पड़ा। गोल्ड, एविएशन, ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई। पढ़ें पूरी खबर।”
नई दिल्ली। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का असर सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में साफ दिखाई दिया। प्रधानमंत्री द्वारा नागरिकों से एक वर्ष तक सोना खरीदने से बचने, गैर-जरूरी विदेश यात्राएं टालने तथा पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए वर्क फ्रॉम होम, कार पूलिंग और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की अपील के बाद गोल्ड ज्वैलरी, एविएशन, ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई।

शेयर बाजार में सबसे अधिक दबाव ट्रैवल और एविएशन कंपनियों पर देखने को मिला। देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी IndiGo के शेयर करीब चार प्रतिशत तक टूट गए। वहीं ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म Yatra Online के शेयर 5.32 प्रतिशत गिरकर 102.40 रुपये पर पहुंच गए। Thomas Cook India के शेयरों में भी 4.12 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 92.77 रुपये पर आ गए।
इसके अलावा Easy Trip Planners के शेयर 3.02 प्रतिशत गिरकर 7.72 रुपये पर बंद हुए, जबकि Le Travenues Technology के शेयर 2.32 प्रतिशत फिसलकर 164.47 रुपये पर पहुंच गए।
हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में भी निवेशकों ने बिकवाली की। ITC Hotels के शेयर 2.14 प्रतिशत गिरकर 160.98 रुपये पर आ गए। वहीं Indian Hotels Company के शेयर 1.79 प्रतिशत और Lemon Tree Hotels के शेयर 1.69 प्रतिशत तक लुढ़क गए।
सोने की खरीदारी टालने की अपील का सबसे अधिक असर ज्वैलरी सेक्टर पर पड़ा। Titan Company, Senco Gold और अन्य आभूषण कंपनियों के शेयरों में 10 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं IRCTC के शेयर भी सुबह के कारोबार में 1.47 प्रतिशत गिरकर 556.60 रुपये पर पहुंच गए।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि प्रधानमंत्री की अपील का निकट भविष्य में उपभोक्ता मांग पर असर पड़ सकता है। एक मीडिया रिपोर्ट में ब्रोकरेज फर्म बोनान्ज़ा की रिसर्च एनालिस्ट खुशी मिस्त्री ने कहा कि शादी और त्योहारों के सीजन से पहले सोने की खरीद टालने की सलाह से ज्वैलरी सेक्टर की मांग प्रभावित हो सकती है।
हालांकि कई ब्रोकरेज फर्मों का मानना है कि लंबे समय में ज्वैलरी कंपनियों की स्थिति स्थिर रह सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार, सोने की ऊंची कीमतों के बावजूद Titan Company के आभूषण कारोबार में वृद्धि जारी है और यदि सोने की कीमतों में स्थिरता आती है तो कंपनियों के मार्जिन में और सुधार देखने को मिल सकता है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









