“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे विकास के साथ हमारी विरासत का भी दर्शन कराता है।“
हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को हरदोई के मल्लावां कट के पास श्यामपुर में आयोजित भव्य समारोह में 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण किया। प्रदेश की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के उद्घाटन के साथ उत्तर प्रदेश को आधुनिक कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास की नई सौगात मिली है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल और कई मंत्री मौजूद रहे।
लोकार्पण के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने तालियों और नारों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत किया। बताया गया कि एक लाख से अधिक लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।
बोले पीएम मोदी- हमारी विरासत का भी दर्शन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि उन्हें खुशी है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस एक्सप्रेसवे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। उन्होंने कहा कि इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के भी दर्शन होते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से उत्तर प्रदेश और देश की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में यह एक्सप्रेसवे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।
36,230 करोड़ की लागत से बनी परियोजना
गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जिलों और 519 गांवों को जोड़ते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पूर्वी क्षेत्र तक बेहतर संपर्क उपलब्ध कराएगा।
यह परियोजना न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि 12 औद्योगिक गलियारों यानी इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एवं लॉजिस्टिक क्लस्टर के जरिए रोजगार और निवेश के बड़े अवसर भी पैदा करेगी।
मेरठ से प्रयागराज सिर्फ छह घंटे
गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा समय में भारी कमी आने का दावा किया गया है। अब यह सफर महज छह घंटे में पूरा हो सकेगा। इससे यात्रियों, व्यापारियों और परिवहन क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में पौधरोपण भी किया
हरदोई पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम स्थल पर पौधरोपण भी किया। उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधा लगाया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
किसानों, युवाओं और उद्योगों को मिलेगा लाभ
गंगा एक्सप्रेसवे से हरदोई, उन्नाव, कन्नौज, शाहजहांपुर, रायबरेली, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों को सीधा फायदा मिलेगा। किसानों की उपज तेजी से बाजार तक पहुंचेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और औद्योगिक निवेश को नई गति मिलेगी।
हरदोई में दिखा उत्सव जैसा माहौल
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर हरदोई में सुबह से ही उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचे। सांस्कृतिक मंच पर गंगा आरती और लोक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
गंगा एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के साथ उत्तर प्रदेश ने आधारभूत संरचना विकास की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








