PM मोदी के स्वागत में गूंजा सहारनपुर, ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे

दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे के उद्घाटन से पहले रोड शो में उमड़ा जनसैलाब, फूल बरसाकर किया अभिनंदन

PM Narendra Modi Saharanpur Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे का उद्घाटन किया। सहारनपुर में रोड शो के दौरान लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से स्वागत किया।

सहारनपुर। प्रधानमंत्री Narendra Modi के सहारनपुर आगमन पर मंगलवार को जनसैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही उनका हेलीकॉप्टर गणेशपुर स्थित हेलीपैड पर उतरा, वहां मौजूद हजारों लोगों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से पूरा माहौल गुंजायमान कर दिया।

प्रधानमंत्री सुबह 11 बजकर 3 मिनट पर गणेशपुर पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath, राज्यपाल Anandiben Patel, केंद्रीय मंत्री Nitin Gadkari समेत अन्य नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

हेलीपैड से निकलते ही प्रधानमंत्री का काफिला रोड शो के रूप में आगे बढ़ा। सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जमा रही, जिसने फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। उत्साहित भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री मोदी भी अपने चिर-परिचित अंदाज में गाड़ी से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए अभिवादन स्वीकार करते नजर आए।

इसके बाद प्रधानमंत्री व्यू प्वाइंट पहुंचे, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने उन्हें दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे परियोजना की विशेषताओं और निर्माण कार्य की जानकारी दी। उन्होंने वाइल्डलाइफ एलिवेटेड कॉरिडोर का निरीक्षण भी किया और सीसीटीवी के जरिए परियोजना का लाइव प्रेजेंटेशन देखा।

करीब पौने 12 बजे प्रधानमंत्री डाट काली मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात वे देहरादून के जनसभा स्थल के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले इस महत्वाकांक्षी हाईवे का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान पूरे मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। साथ ही कई स्थानों पर लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं और लाउडस्पीकरों से वैदिक मंत्रोच्चार भी किया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button