“Akhilesh Yadav के भाई और अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का निधन हो गया। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए King George’s Medical University लाया गया है। सीएम योगी ने दुख जताया।“
लखनऊ। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वह 38 वर्ष के थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार उन्हें सुबह लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।
सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। निधन के बाद उनका शव पोस्टमार्टम के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के मुर्दाघर भेजा गया है। परिवार की ओर से जानकारी दी गई है कि अंतिम संस्कार लखनऊ में किया जाएगा।

प्रतीक यादव, दिवंगत मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद वह सक्रिय राजनीति से दूर रहे और व्यवसायिक गतिविधियों में सक्रिय थे। उन्होंने ब्रिटेन की यूनिवर्सिटी ऑफ लीड्स से पढ़ाई की थी।
लखनऊ में वह ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम संचालित करते थे। इसके अलावा ‘जीव आश्रय’ संस्था के माध्यम से बेसहारा और घायल स्ट्रीट डॉग्स के इलाज, भोजन और रेस्क्यू का कार्य भी करते थे। रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री में उनकी अलग पहचान मानी जाती थी।
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी वर्ष 2011 में सैफई में हुई थी। यह शादी उस समय काफी चर्चित रही थी, जिसमें कई राजनीतिक और फिल्मी हस्तियां शामिल हुई थीं। दोनों की दो बेटियां हैं।

प्रतीक यादव के निधन की खबर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा, “प्रतीक यादव का निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संदेश जारी करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”







