” संसद परिसर में राजनीतिक माहौल उस वक्त गरमा गया जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को ‘गद्दार’ कह दिया। जानिए पूरे घटनाक्रम की पूरी कहानी।”
हाइलाइट्स :
- संसद परिसर में कांग्रेस सांसदों का प्रदर्शन
- मकर द्वार पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से आमना-सामना
- राहुल गांधी ने बिट्टू को कहा – “देखो गद्दार यहीं से गुजर रहा है”
- बयान के बाद संसद परिसर में बढ़ी राजनीतिक हलचल
- BJP और कांग्रेस के बीच बयानबाज़ी तेज
नई दिल्ली। संसद परिसर में गरमाई सियासत उस समय और तेज हो गई जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को खुलेआम “गद्दार” कह दिया। यह पूरा घटनाक्रम संसद के मकर द्वार पर उस वक्त सामने आया, जब कांग्रेस सांसद वहां प्रदर्शन कर रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस सांसदों के पास से गुजरे, राहुल गांधी ने उनकी ओर इशारा करते हुए कहा,
“देखो, गद्दार यहीं से गुजर रहा है… चेहरा देखो…”
इसके बाद माहौल और ज्यादा गर्म हो गया जब राहुल गांधी ने हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा,
“हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त… चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आओगे।”
इस बयान के तुरंत बाद संसद परिसर में सियासी हलचल तेज हो गई। भाजपा और कांग्रेस के बीच पहले से चल रही बयानबाज़ी ने और उग्र रूप ले लिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।







