सलमान खान और बहन अलवीरा को कोर्ट का नोटिस, बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी से जुड़े धोखाधड़ी मामले में 5 अक्टूबर को पेशी

चंडीगढ़ जिला अदालत ने बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में सलमान खान, बहन अलवीरा खान और कंपनी निदेशकों को नोटिस जारी किया है। व्यापारी ने करोड़ों रुपये के नुकसान का आरोप लगाया है।

चंडीगढ़: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा खान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। चंडीगढ़ जिला अदालत ने बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी शोरूम से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में सलमान खान, अलवीरा खान, स्टाइल एंड क्यूंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों समेत अन्य आरोपियों को नोटिस जारी किया है। अदालत ने सभी को 5 अक्टूबर को पेश होकर मामले में अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।

यह मामला वर्ष 2020 का है, जिसे मनीमाजरा निवासी व्यापारी अरुण गोयल की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि बीइंग ह्यूमन ब्रांड के नाम पर ज्वेलरी शोरूम खुलवाने के दौरान उनके साथ धोखाधड़ी की गई, जिससे उन्हें करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

3 करोड़ रुपये की लागत से खोला था शोरूम

शिकायत के अनुसार, अरुण गोयल ने मनीमाजरा के एनएसी क्षेत्र में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत से बीइंग ह्यूमन ज्वेलरी का शोरूम शुरू किया था। इसके लिए उन्होंने स्टाइल एंड क्यूंटेंट ज्वेलरी प्राइवेट लिमिटेड के साथ समझौता किया था।

व्यापारी का दावा है कि कंपनी की सभी शर्तों को पूरा करते हुए उन्होंने शोरूम तैयार कराया और करीब एक करोड़ रुपये इसके निर्माण और सेटअप पर खर्च किए। इसके अलावा कंपनी के ब्रांड की ज्वेलरी भी स्टोर में रखी गई थी।

कंपनी पर सहयोग नहीं करने का आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कंपनी से जुड़े लोगों ने उन्हें भरोसा दिलाकर शोरूम खुलवाया, लेकिन कारोबार शुरू होने के बाद कंपनी की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस स्टोर से बीइंग ह्यूमन ब्रांड की ज्वेलरी की सप्लाई होनी थी, वह फरवरी 2020 से बंद पड़ा है। इसके चलते उन्हें नया स्टॉक नहीं मिल सका और उनका कारोबार प्रभावित हुआ।

कोर्ट ने मांगा जवाब

अदालत ने शिकायत पर सुनवाई करते हुए सलमान खान, अलवीरा खान और अन्य आरोपियों को नोटिस जारी कर आरोपों पर जवाब दाखिल करने को कहा है। हालांकि, मामले में आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

फिल्मों को लेकर भी चर्चा में सलमान

वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान अपनी आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में हैं। उनकी फिल्म ‘मातृभूमि’ और ‘SV63’ को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। इसके अलावा हाल ही में अभिनेता ने एक फिल्म के लिए अपना वजन कम करने की जानकारी साझा की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button