लखनऊ : BJP विधायक के रिश्तेदार शिवम त्रिपाठी ने की खुदकुशी

लखनऊ में BJP विधायक के रिश्तेदार शिवम त्रिपाठी ने किया आत्महत्या, परिवार ने प्रॉपर्टी पार्टनर्स पर धोखाधड़ी और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

हाइलाइट्स:

  • लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में BJP विधायक के रिश्तेदार ने की खुदकुशी
  • परिवार का आरोप – प्रॉपर्टी बिजनेस पार्टनर्स द्वारा पैसे हड़पने और मानसिक दबाव
  • मृतक बलरामपुर निवासी, फ्लैट नं. 407, टावर A2 में थे
  • पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की
  • परिवार जल्द ही धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए नामजद तहरीर देगा

लखनऊ । राजधानी के पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी में BJP विधायक विनय कुमार त्रिवेदी के रिश्तेदार शिवम त्रिपाठी ने खुदकुशी कर ली। शिवम के परिवार का आरोप है कि प्रॉपर्टी कारोबार में उनके पार्टनर्स ने पैसे हड़प लिए और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। यही कारण था कि उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

मूल रूप से बलरामपुर निवासी शिवम त्रिपाठी मैनहैटन अपार्टमेंट, टावर A2, फ्लैट नं. 407 में रहते थे। रविवार शाम मकान मालिक जब वहां गए और दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। सुरक्षा गार्डों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया, जहां शिवम का शव फंदे से लटका हुआ मिला। फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

परिजनों ने बताया कि शिवम लंबे समय से प्रॉपर्टी डीलिंग में लगे थे। उनके कुछ बिजनेस पार्टनर्स ने पैसों के लेन-देन में घपला किया और वे लंबे समय से अपना बकाया मांग रहे थे। आर्थिक तंगी और मानसिक तनाव के कारण शिवम डिप्रेशन में थे।

विनय कुमार त्रिवेदी गोंडा की मेहनौन विधानसभा सीट से लगातार दूसरी बार BJP विधायक हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी राजनीति में सक्रिय हैं। शिवम के परिवार में उनके पिता राजेश त्रिपाठी, मां और दो छोटे भाई प्रखर व अभिषेक शामिल हैं।

सुशांत गोल्फ सिटी के इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौके पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। मृतक के मोबाइल फोन को कब्जे में लिया गया है, कॉल डिटेल्स की जांच शुरू कर दी गई है। परिजन जल्द ही धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए नामजद तहरीर देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button