महाशिवरात्रि पर गोला गोकर्णनाथ में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 80 हजार श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क गोला गोकर्णनाथ खीरी : छोटी काशी के नाम से विख्यात गोला गोकर्णनाथ स्थित पौराणिक शिव मंदिर (छोटी काशी) में महाशिवरात्रि का पावन पर्व 15 फरवरी 2026, रविवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर 70 से 80 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन व पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है। यातायात डायवर्जन रहेगा लागू प्रशासन के अनुसार, शनिवार 14 फरवरी की शाम 7 बजे से रविवार 15 फरवरी की रात 2 बजे तक गोला नगर क्षेत्र में यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। लखीमपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहन नगर में प्रवेश न कर बाईपास मार्गों का उपयोग करेंगे। मोहम्मदी, खुटार और अलीगंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। अस्थायी बस अड्डा और पार्किंग व्यवस्था महाशिवरात्रि के दौरान रोडवेज बसों का संचालन मोहम्मदी बाईपास (नया बाईपास) स्थित अग्रवाल राइस मिल यार्ड से किया जाएगा। गोला नगर में बसों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। पार्किंग के लिए लखीमपुर की ओर से आने वाले वाहनों को पशु बाजार व रिलायंस पंप के पास, अलीगंज की ओर से आने वालों को मंडी समिति गोला तथा खुटार, मोहम्मदी व बांकेगंज की ओर से आने वाले वाहनों को मिल यार्ड पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। दुपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग स्थान चिन्हित किए गए हैं।

भारी वाहन और ई-रिक्शा पर रोक

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शनिवार शाम 8 बजे से रविवार रात 2 बजे तक गन्ना ट्रक, अन्य भारी एवं कमर्शियल वाहनों का गोला नगर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही इस अवधि में कस्बे के भीतर ई-रिक्शा का संचालन भी बंद रहेगा। चीनी मिल से जुड़े किसानों से भी दिन में गन्ना न लाने की अपील की गई है। पैदल दर्शन की व्यवस्था

सदर चौराहा से छोटा चौराहा/शिवम् चौराहा तक किसी भी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह निषिद्ध रहेगा। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं को पैदल दर्शन के लिए भेजा जाएगा। पुलिस सहायता उपलब्ध श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस सहायता हर समय उपलब्ध रहेगी। किसी भी जानकारी या समस्या के लिए प्रभारी निरीक्षक थाना गोला खीरी अम्बर सिंह अथवा यातायात पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और सहयोग देकर महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में मदद करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button