
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी चुनावी सीट को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस बार वह जहूराबाद के बजाय अकबरपुर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।
जहूराबाद सीट छोड़ने का किया ऐलान
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि अब उनका ध्यान अकबरपुर विधानसभा सीट पर है। उन्होंने संकेत दिया कि इस बार जहूराबाद सीट से वह खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे और वहां से पार्टी का कोई अन्य उम्मीदवार मैदान में उतरेगा। उनके इस फैसले को पूर्वांचल की राजनीति में नई रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
राजभर ने कहा कि पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिन सीटों पर जीत दिलाने में उनकी भूमिका रही, इस बार उन सीटों पर पार्टी को हराने और वापस जीत हासिल करने का लक्ष्य है। उन्होंने अंबेडकरनगर की पांच, आजमगढ़ की दस और गाजीपुर की सात सीटों के साथ बलिया, मऊ और बस्ती की सीटों का भी जिक्र किया।
उनके मुताबिक, इस बार इन क्षेत्रों में पार्टी अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने के लिए पूरी तैयारी कर रही है। वहीं, परिवार से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने बताया कि उनका एक बेटा भी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा है।
योगी आदित्यनाथ के फिर सीएम बनने का दावा
ओमप्रकाश राजभर ने 2027 के विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने पूर्वांचल की 82 विधानसभा सीटों का जिक्र करते हुए दावा किया कि इन क्षेत्रों में उनकी पार्टी की राजनीतिक हिस्सेदारी फिलहाल 12 से 22 प्रतिशत के बीच है, जिसे बढ़ाकर 15 से 25 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य है।
राजभर ने कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी अपनी ताकत बढ़ाकर बेहतर प्रदर्शन करेगी। अकबरपुर से चुनाव लड़ने के उनके ऐलान के बाद अब यूपी की सियासत में उनकी अगली रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।









