
योग गुरु स्वामी रामदेव और बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बीच हालिया बयानबाजी को लेकर चल रहा विवाद अब नरम पड़ता दिखाई दे रहा है। हरिद्वार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वामी रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को अपना बेटा, छोटा भाई और शिष्य बताया। उन्होंने कहा कि जिन बातों से उन्हें आपत्ति थी, उन पर उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री को डांटा था, लेकिन उन्होंने इसे बुरा मानने के बजाय प्यार के रूप में स्वीकार किया।
‘बागेश्वर बाबा मेरे बेटे जैसे हैं’
हरिद्वार में मीडिया से बातचीत के दौरान स्वामी रामदेव ने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री उनके लिए बेटे और छोटे भाई की तरह हैं। वह उन्हें अपना शिष्य भी मानते हैं।
रामदेव ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री की कुछ बातें उन्हें उचित नहीं लगी थीं और उनसे उन्हें दुख पहुंचा था। इसी वजह से उन्होंने अपने अधिकार और स्नेह के साथ उन्हें समझाया और डांट लगाई। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र शास्त्री ने भी उनकी बातों को प्रेमपूर्वक स्वीकार किया, जो उनके बड़े दिल को दर्शाता है।
भगवान राम-कृष्ण की तुलना पर शुरू हुआ था विवाद
दरअसल, विवाद की शुरुआत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर दिए गए एक बयान से हुई थी। उनके बयान पर स्वामी रामदेव ने कड़ी नाराजगी जताई थी।
रामदेव ने सार्वजनिक मंच से इस तरह की तुलना पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि देवी-देवताओं के बीच तुलना करना उचित नहीं है। इसी दौरान उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर तीखी टिप्पणी भी की थी।
धीरेंद्र शास्त्री ने भी दिया था जवाब
स्वामी रामदेव की नाराजगी पर धीरेंद्र शास्त्री की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। उन्होंने कहा था कि रामदेव उनके बड़े और पूजनीय हैं। कुछ दिन पहले ही वह उनके कार्यक्रम में आए थे और उनकी प्रशंसा की थी।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि संभव है उनकी कोई बात रामदेव को अच्छी नहीं लगी हो, इसलिए उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने यह भी कहा कि वह संतों को हमेशा अपने अभिभावक के रूप में देखते हैं और उनकी आलोचना के साथ प्रशंसा को भी स्वीकार करते हैं।
बांके बिहारी मंदिर पहुंचकर की थी प्रार्थना
विवाद के बीच धीरेंद्र शास्त्री वृंदावन स्थित बांके बिहारी मंदिर भी पहुंचे थे। वहां उन्होंने भगवान के दर्शन किए और माथा टेका। हालांकि, उनके पहले दिए गए बयान को लेकर चर्चा जारी रही और रामदेव ने भी इसी संदर्भ में अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब स्वामी रामदेव के नए बयान से दोनों संतों के बीच रिश्तों को लेकर सकारात्मक संदेश सामने आया है। रामदेव ने साफ किया है कि उनकी नाराजगी के पीछे व्यक्तिगत विरोध नहीं, बल्कि कुछ बातों को लेकर असहमति थी।








