असम सचिवालय में नया ड्रेस कोड लागू, जींस-टीशर्ट पर रोक

असम सरकार ने गुवाहाटी स्थित राज्य सचिवालय ‘जनता भवन’ में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नया ड्रेस कोड लागू किया है। नए निर्देशों के मुताबिक, अब कार्यालय के दौरान जींस, टी-शर्ट, लेगिंग्स, ट्यूनिक और चप्पल पहनने की अनुमति नहीं होगी। यह नियम सभी कैडर के अधिकारियों और कर्मचारियों पर तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

सरकार का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में अनुशासन, गरिमा और पेशेवर माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कर्मचारियों को शालीन और औपचारिक कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

पुरुष कर्मचारियों के लिए क्या हैं नियम?

नई गाइडलाइन के तहत पुरुष अधिकारियों को फॉर्मल पैंट-शर्ट पहनने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कुर्ता, धोती-पायजामा जैसे पारंपरिक भारतीय परिधान भी पहन सकते हैं। हालांकि, जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल कपड़ों पर पूरी तरह रोक रहेगी।

महिला कर्मचारियों के लिए भी तय हुआ ड्रेस कोड

महिला अधिकारियों और कर्मचारियों को सलवार-सूट, साड़ी और पारंपरिक असमिया परिधान मेखेला-चादोर पहनने की सलाह दी गई है। वहीं जींस, टी-शर्ट, ट्यूनिक और लेगिंग्स जैसे अनौपचारिक कपड़ों को प्रतिबंधित किया गया है।

चप्पल पहनकर भी नहीं आ सकेंगे कर्मचारी

ड्रेस कोड में कपड़ों के साथ फुटवियर को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को कार्यालय के अनुरूप साफ-सुथरे और सभ्य जूते पहनने होंगे। फ्लिप-फ्लॉप और अन्य अनौपचारिक चप्पलों के इस्तेमाल से बचने को कहा गया है।

इसके अलावा कर्मचारियों को हल्के रंगों के सादे और साफ कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। भड़कीले, पार्टी वियर और बेहद कैजुअल परिधान बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और आधिकारिक आयोजनों में पहनने की अनुमति नहीं होगी।

नियम तोड़ने पर हो सकती है अनुशासनात्मक कार्रवाई

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। यह निर्देश सचिवालय के साथ-साथ सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों में आयोजित आधिकारिक कार्यक्रमों पर भी लागू होगा।

एडवाइजरी सभी प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दी गई है, ताकि सचिवालय में कार्यरत कर्मचारी नए नियमों का पालन सुनिश्चित कर सकें।

Back to top button