“SIR 2026 के तहत चुनाव आयोग ने दिल्ली, महाराष्ट्र समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन की घोषणा की है। जानिए कब शुरू होगा अभियान, किस राज्य में कब जारी होगी अंतिम वोटर लिस्ट और BLO कैसे करेंगे घर-घर सत्यापन।“
नई दिल्ली। देशभर में मतदाता सूची को अपडेट और शुद्ध करने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) के तीसरे चरण का बड़ा एलान कर दिया है। आयोग ने दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब, कर्नाटक, झारखंड समेत 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में 1 जुलाई 2026 से SIR अभियान शुरू करने की घोषणा की है।
इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। चुनाव आयोग के मुताबिक इस चरण में 3.94 लाख से ज्यादा BLO करीब 36.73 करोड़ मतदाताओं तक पहुंचेंगे। आयोग का दावा है कि हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर लगभग पूरा देश इस प्रक्रिया के दायरे में आ जाएगा।
चुनाव आयोग ने बताया कि SIR के तीसरे चरण का शेड्यूल जनगणना की हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया और फील्ड मशीनरी को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि दोनों काम समानांतर रूप से प्रभावी तरीके से पूरे हो सकें।
किन राज्यों में चलेगा SIR अभियान
जिन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में SIR का तीसरा चरण शुरू किया जाएगा, उनमें ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, दमन-दीव, दादरा एवं नगर हवेली, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, तेलंगाना, पंजाब, कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड, दिल्ली, नागालैंड और त्रिपुरा शामिल हैं।

कब जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग राज्यों की अंतिम मतदाता सूची अलग-अलग तारीखों पर प्रकाशित की जाएगी।
- दादरा एवं नगर हवेली और दमन-दीव की अंतिम सूची 11 सितंबर 2026 को जारी होगी।
- ओडिशा, मिजोरम, सिक्किम और मणिपुर की सूची 6 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
- उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी।
- आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ की सूची 22 सितंबर 2026 को प्रकाशित होगी।
- तेलंगाना और पंजाब की अंतिम सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी होगी।
- कर्नाटक, मेघालय, महाराष्ट्र, झारखंड और दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
- नागालैंड की सूची 22 नवंबर और त्रिपुरा की सूची 23 दिसंबर 2026 को जारी होगी।
पहले ही 13 राज्यों में पूरा हो चुका है काम
चुनाव आयोग इससे पहले बिहार और उत्तर प्रदेश सहित 13 राज्यों में SIR प्रक्रिया पूरी कर चुका है। आयोग के मुताबिक संशोधित मतदाता सूची के आधार पर बिहार समेत छह राज्यों में विधानसभा चुनाव भी सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं।
तीसरे चरण के पूरा होने के बाद केवल हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में ही SIR प्रक्रिया बाकी रह जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह अभियान आगामी चुनावों को देखते हुए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी। वहीं चुनाव आयोग इसे देश का सबसे बड़ा मतदाता सत्यापन अभियान बता रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, चुनावी और समसामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें।“









