
वाराणसी में देव दीपावली का पर्व बेहद भव्य अंदाज में मनाया गया। इस खास मौके पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को रंग-बिरंगी रोशनी और मिट्टी के दीपों से सजाया गया। पूरा परिसर जगमगाता नजर आया। धाम की खूबसूरती और आकर्षक सजावट का वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर लोग काशी की दिव्यता की तारीफ कर रहे हैं।
दीपों और रोशनी से जगमगाया बाबा का दरबार
देव दीपावली के अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में विशेष सजावट की गई। मंदिर परिसर के अलग-अलग हिस्सों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, वहीं मिट्टी के दीयों ने इसकी सुंदरता में चार चांद लगा दिए। रोशनी से जगमगाते धाम का नजारा श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पीएम मोदी ने भी साझा कीं काशी की तस्वीरें
देव दीपावली पर काशी की भव्यता देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी भावविभोर नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वाराणसी की खूबसूरत तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “बाबा विश्वनाथ की नगरी में आज सर्वत्र देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा बिखरी हुई है।”
इससे पहले प्रधानमंत्री ने देशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शुभकामनाएं भी दी थीं। उन्होंने इस पर्व को सेवा, परोपकार, दान-पुण्य और दीपदान की पवित्र परंपराओं से जुड़ा बताया।
पीएम मोदी ने कामना की कि यह पावन अवसर सभी के जीवन में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मकता लेकर आए।








