
केरल की राजनीति में एक बार फिर हलचल देखने को मिल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने भारतीय जनता पार्टी से अपना नाता तोड़ लिया है। उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को इस्तीफा सौंप दिया है। उनके इस फैसले के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि क्या वह एक बार फिर कांग्रेस का हिस्सा बनेंगी। हालांकि, फिलहाल उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
2024 में कांग्रेस छोड़कर BJP में हुई थीं शामिल
पद्मजा वेणुगोपाल ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले कांग्रेस से अलग होकर बीजेपी जॉइन की थी। उनके इस फैसले ने उस समय केरल की राजनीति में काफी चर्चा बटोरी थी। भाजपा में आने के बाद उन्होंने राज्य में पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम किया।
इसके बाद पार्टी ने उन्हें त्रिशूर विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था। हालांकि, चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली और वह तीसरे स्थान पर रहीं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, उन्हें कुल 28,662 वोट प्राप्त हुए थे। यूडीएफ के उम्मीदवार राजन जे. पल्लन 60,290 वोटों के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि सीपीआई उम्मीदवार अलंकोड लीलाकृष्णन को 33,487 वोट मिले थे। इस तरह पद्मजा को 31,628 वोटों के अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
कांग्रेस में रहते हुए भी दो बार हार चुकी हैं चुनाव
बीजेपी में शामिल होने से पहले पद्मजा कांग्रेस के टिकट पर त्रिशूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी थीं। साल 2016 के विधानसभा चुनाव में उन्हें करीब 7 हजार वोटों से हार मिली थी। इसके बाद 2021 में भी उन्होंने इसी सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन इस बार भी जीत उनसे दूर रही। उस चुनाव में हार का अंतर महज 900 वोट के आसपास था।
दोनों ही चुनावों में सीपीआई के उम्मीदवार ने त्रिशूर सीट पर जीत दर्ज की थी। लगातार चुनावी हार के बावजूद पद्मजा केरल की राजनीति में सक्रिय बनी रहीं।
BJP छोड़ने के बाद आगे क्या होगा?
पद्मजा के भाजपा से इस्तीफा देने के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। उनके पिता के. करुणाकरण कांग्रेस के दिग्गज नेताओं और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री रहे हैं। ऐसे में उनके परिवार की कांग्रेस से पुरानी राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखते हुए पार्टी में उनकी वापसी की संभावनाओं पर चर्चा हो रही है।
हालांकि, पद्मजा ने कांग्रेस में लौटने को लेकर अभी तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बीजेपी से अलग होने के बाद वह किस राजनीतिक दल के साथ अपनी आगे की पारी शुरू करती हैं।







