हरदोई के भरावन ब्लॉक में शिक्षा कार्यशाला, “शिक्षक समाज के निर्माता”—विधायक अल्का अर्कवंशी

हरदोई के भरावन ब्लॉक सभागार में कार्यशाला आयोजित

हरदोई के भरावन ब्लॉक में प्रधान व प्रधानाध्यापकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई, जिसमें विधायक अल्का अर्कवंशी ने शिक्षकों को समाज का निर्माता बताया। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शिक्षकों का सम्मान भी हुआ।

हरदोई (भरावन)। हरदोई जिले के भरावन ब्लॉक सभागार में सोमवार को प्रधानों, विद्यालय सचिवों और शिक्षकों की उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से प्रधानों और शिक्षकों ने भाग लिया, जबकि कुछ प्रतिनिधि अनुपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अल्का अर्कवंशी ने मां शारदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पूजन कर कार्यशाला का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षकों को समाज का निर्माता बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि “यदि एक शिक्षक ठान ले तो वह एक बच्चे के जीवन को बदलकर पूरे समाज को नई दिशा दे सकता है।” उन्होंने शिक्षकों को अपनी क्षमता पहचानने और शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान विधायक ने प्राथमिक विद्यालय बकवा, उसराहा और अटवापुरवा के शिक्षण मॉडलों (TLM) का निरीक्षण किया और शिक्षिकाओं प्रियंका वर्मा, ममता यादव, स्नेह लता और पूनम की सराहना की।

कार्यक्रम में कंपोजिट विद्यालय राममदारपुर के बच्चों ने मां सरस्वती वंदना पर नृत्य प्रस्तुत किया। साथ ही नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक संदेश भी दिया गया। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

प्राथमिक विद्यालय सुआगाड़ा के प्रधानाध्यापक आशुतोष तिवारी ने अपनी कविता के माध्यम से शिक्षा और समाज पर व्यंग्यात्मक और प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका नीलिमा सिंह ने किया।

कार्यक्रम में आरपी श्याम किशोर त्रिपाठी और सौरभ श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि निपुण आकलन में भरावन ब्लॉक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो शिक्षकों की मेहनत का परिणाम है।

खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण कुमार त्रिपाठी ने सभी शिक्षकों और एआरपी का स्वागत करते हुए शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में कई शिक्षक नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button