
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क कौशांबी : नगर पालिका परिषद भरवारी स्थित हनुमान मंदिर में विराजमान खाटू श्याम बाबा के स्थापना की तृतीय वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ हुआ। इसके पश्चात आकर्षक रूप से सुसज्जित विंटेज कार में खाटू श्याम बाबा की भव्य प्रतिमा को विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु पीताम्बर वस्त्र धारण किए, हाथों में ध्वज और निशान लिए भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते आगे बढ़ रहे थे। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों ने माहौल को और अधिक ऊर्जावान बना दिया। शोभायात्रा पुरानी बाजार भरवारी से प्रारंभ होकर करारी रोड, नया बाजार, सिंघिया होते हुए पुनः नया बाजार स्थित हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा जगह-जगह जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था भी की गयी। लोगों ने श्रद्धा भाव से बाबा खाटू श्याम की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे कस्बे में दिनभर “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” जैसे जयकारों और भजनों की गूंज सुनाई देती रही। रात्रि में मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजन-कीर्तन का आनंद लेते हुए प्रसाद ग्रहण करते रहे। इस अवसर पर कौशाम्बी इंडेन गैस के संचालक गौरव केसरवानी उर्फ मोनू, कैलाश चंद्र केसरवानी, शैलेन्द्र कुमार केसरवानी, शंकर लाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं भारी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।









