“बाराबंकी के लोनी कटरा क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से 150 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। 50 से अधिक किसान प्रभावित, प्रशासन से मुआवजे की मांग।“
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने किसानों की सालभर की मेहनत को पल भर में राख कर दिया। लोनी कटरा थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव में हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया, जिससे करीब 150 बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव निवासी राहुल तिवारी के खेत के ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज लाइन पर एक कौवा बैठा था, जो अचानक करंट की चपेट में आ गया। इससे तेज धमाका हुआ और निकली चिंगारी नीचे सूखी गेहूं की फसल पर गिर गई, जिसने तुरंत आग पकड़ ली।
तेज हवाओं के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और सादुल्लापुर के साथ-साथ बीरमपुर और त्रिलोकपुर गांवों तक फैल गई। देखते ही देखते आग की लपटों और धुएं के गुबार ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। करीब 50 से अधिक किसानों की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि मदद समय पर नहीं पहुंची। इसके बाद गांव के लोगों ने खुद ही एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
इस आगजनी में जिन किसानों की फसल जली, उनमें राहुल तिवारी, रत्नेश सिंह, शैलेन्द्र सिंह, गिरजा सिंह, कृष्ण कुमार तिवारी, कृपाशंकर, अंबर सिंह, सोनू, रामफेर, जुग्गी लाल, अवधेश, शिवबालक, श्रीकृष्ण, शिवपाल, धीरज, हरिशंकर, ललऊ और परशुराम समेत कई अन्य शामिल हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। उनका आरोप है कि कई बार फोन करने के बावजूद न तो पुलिस ने समय पर कॉल रिसीव किया और न ही दमकल की गाड़ियां समय से मौके पर पहुंचीं।
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस हादसे ने न केवल किसानों की आर्थिक स्थिति को झटका दिया है, बल्कि उनके सामने आने वाले समय में आजीविका का संकट भी खड़ा कर दिया है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








