‘हर तीन घंटे में दें नुकसान की रिपोर्ट’, आंधी-बारिश पर CM योगी का बड़ा आदेश

सभी जिलों के डीएम को राहत कार्य प्राथमिकता पर चलाने के निर्देश, पीड़ितों को तत्काल सहायता देने को कहा

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलों के DM को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए। 19 जिलों में जनहानि, पशुहानि और फसल नुकसान की रिपोर्ट के बीच हर तीन घंटे में अपडेट मांगा गया है।

लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में आंधी-बारिश और बिजली गिरने से हुए नुकसान को लेकर अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक जिला प्रशासन हर तीन घंटे में स्थिति अपडेट करते हुए नुकसान की रिपोर्ट शासन को भेजे।

प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से जनहानि, पशुहानि, फसल नुकसान और मकानों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आई हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

19 जिलों में नुकसान की जानकारी

मुख्यमंत्री के अनुसार बाराबंकी, बहराइच, कानपुर देहात, बस्ती, संभल, हरदोई और उन्नाव समेत 19 जिलों में जनहानि और फसल नुकसान की सूचनाएं मिली हैं।

खराब मौसम के कारण बड़ी संख्या में मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल सहायता पहुंचाने को कहा।

सर्वे और मुआवजा प्रक्रिया में तेजी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों को राहत राशि और मुआवजा देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।

इसके साथ ही सभी जिलों के डीएम को राहत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर चलाने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि बचाव अभियान, राहत वितरण और मुआवजा प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सोशल मीडिया और इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से अपडेट की जाए, ताकि लोगों को सही जानकारी मिलती रहे।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button