“उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में हत्या के बाद शव पेड़ से लटकाने की बात सामने आई है। एक आरोपी हिरासत में, दूसरे की तलाश जारी है।“
प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से मानवता को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। मानिकपुर थाना क्षेत्र में 18 वर्षीय युवती के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर दो किशोरों ने उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को पेड़ से लटका दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
आम के बाग में पेड़ से लटका मिला शव
रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे परिजनों ने घर से कुछ दूरी पर आम के बाग में युवती का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
एसपी दीपक भूकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
दोस्त ने खेत में बुलाया था
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किशोर युवती का परिचित था और दोनों में बातचीत होती थी। शनिवार रात उसने युवती को घर से करीब 450 मीटर दूर खेत की तरफ बुलाया था। उसके साथ एक अन्य किशोर भी मौजूद था।
आरोप है कि पहले मुख्य आरोपी ने युवती से दुष्कर्म किया, फिर अपने साथी के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया। युवती ने विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसके साथ जबरदस्ती की।

शोर मचाने पर कर दी हत्या
जब युवती ने शोर मचाया तो दोनों आरोपियों ने उसे जमीन पर गिरा दिया और मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर करीब 50 मीटर दूर आम के बाग में ले गए और गले में फंदा लगाकर पेड़ से टांग दिया, ताकि मामला आत्महत्या लगे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चोटों के निशान
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के शरीर पर कई जगह चोट, दांत और नाखून के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि बताई गई है। आगे की जांच के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया है।
मोबाइल कॉल डिटेल से खुला राज
घटना के बाद पुलिस ने परिवार के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच की। युवती ने पिता के फोन से रात 9:15 बजे से 10:47 बजे के बीच आरोपी किशोर से करीब दस बार बात की थी। इसी आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पढ़ाई के सपने अधूरे रह गए
मृतका ने हाल ही में इंटरमीडिएट परीक्षा 75 प्रतिशत अंकों से पास की थी और बीएससी में दाखिला लेना चाहती थी। परिवार ने उसकी पढ़ाई को लेकर कई सपने संजो रखे थे। पिता ई-रिक्शा चलाते हैं, जबकि भाई परिवार का खर्च उठाते हैं।
परिवार में मातम, गांव में आक्रोश
बेटी का शव पेड़ से लटका देख परिवार बेसुध हो गया। मां की हालत खराब है, जबकि पिता और भाई सदमे में हैं। गांव में भी घटना को लेकर भारी आक्रोश है।
पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, पहले अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, अब आरोपी किशोरों के नाम शामिल किए जाएंगे। मुख्य आरोपी से पूछताछ जारी है और दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








