हरदोई में बिजली संकट से बंद रहीं टीवी स्क्रीन, गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन का लाइव प्रसारण प्रभावित

पीएम मोदी के कार्यक्रम को दिखाने के लिए शहरभर में लगी थीं एलईडी स्क्रीन, कई स्थानों पर बिजली गुल होने से लोगों को हुई निराशा

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन समारोह के दौरान बिजली समस्या से कई स्थानों पर लगाई गई LED टीवी स्क्रीन बंद रहीं। लोगों को लाइव प्रसारण देखने में परेशानी हुई। पढ़ें पूरी खबर।

हरदोई, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन समारोह को लेकर प्रशासन ने शहर के कई प्रमुख स्थानों पर बड़ी LED टीवी स्क्रीन लगाई थीं, ताकि जो लोग रैली स्थल तक नहीं पहुंच सके, वे भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकें। हालांकि बिजली आपूर्ति बाधित होने से कई जगहों पर स्क्रीन बंद रहीं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि प्रशासन की ओर से स्क्रीन लगाने की पहल सराहनीय थी, लेकिन बिजली व्यवस्था सुचारू न होने से इंतजाम अधूरे साबित हुए। कई स्थानों पर लोग कार्यक्रम देखने के लिए पहुंचे, लेकिन प्रसारण न होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।

हालांकि शहर के अटल चौराहा और सिनेमा चौराहा समेत कुछ स्थानों पर लाइव प्रसारण चलता रहा, जहां बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण सुनते नजर आए। लोगों ने इसे ऐतिहासिक पल बताते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया।

गंगा एक्सप्रेसवे से 12 जिलों को फायदा

करीब 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ से प्रयागराज तक सीधी कनेक्टिविटी स्थापित होगी। यह 6 लेन का आधुनिक हाईवे है, जिसे भविष्य में 8 लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा।

इस परियोजना से उत्तर प्रदेश के लगभग 12 जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का दावा है कि मेरठ से प्रयागराज की यात्रा, जो पहले 10 से 12 घंटे लेती थी, अब लगभग 6 घंटे में पूरी हो सकेगी।

लोगों ने उठाई मांग

स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि भविष्य में इस तरह के बड़े आयोजनों में बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को पहले सुनिश्चित किया जाए, ताकि प्रशासन द्वारा किए गए इंतजाम पूरी तरह सफल हो सकें और जनता को उनका लाभ मिल सके।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button