पीएम मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी मामले में अजय राय पर वाराणसी में एक और FIR दर्ज

वायरल वीडियो के आधार पर चौक थाने में कार्रवाई, शिकायतकर्ता ने कहा- प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ वाराणसी के चौक थाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है। पढ़ें पूरी खबर।

वाराणसी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में कथित अभद्र टिप्पणी करने के मामले में वाराणसी में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई थाना चौक पुलिस ने एक वायरल वीडियो के आधार पर की है।

पुलिस के अनुसार यह मुकदमा आर्यन पांड्या की तहरीर पर दर्ज किया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वायरल वीडियो में अजय राय एक काली फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठे दिखाई दे रहे हैं और इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।

शिकायतकर्ता ने बताया निंदनीय और शर्मनाक

प्रार्थी आर्यन पांड्या ने अपनी शिकायत में कहा है कि देश के प्रधानमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति के खिलाफ इस तरह की भाषा का प्रयोग निंदनीय और शर्मनाक है। उन्होंने इसे कानूनन अपराध बताते हुए कार्रवाई की मांग की थी।

तहरीर मिलने के बाद चौक थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पहले भी बयान को लेकर बढ़ चुका है विवाद

अजय राय के बयान को लेकर पहले भी राजनीतिक विवाद खड़ा हो चुका है। उनके बयान पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए इसे राजनीतिक कुसंस्कार और मानसिक दिवालियापन बताया था। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी बयान की निंदा की थी।

पुलिस कर रही वीडियो की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। वीडियो के स्रोत और उसमें की गई टिप्पणियों की पुष्टि के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है और कांग्रेस तथा भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button