“अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पत्नी जेनेट डी. रुबियो के साथ आगरा में ताजमहल का दीदार किया। डायना बेंच पर दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। जानिए आगरा दौरे, सुरक्षा व्यवस्था और दोनों की लव स्टोरी से जुड़ी पूरी खबर।“
आगरा। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो सोमवार को अपनी पत्नी Jeanette D Rubio के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। विश्व के सात अजूबों में शामिल ताजमहल को करीब से देखने के दौरान दोनों बेहद खुश और उत्साहित नजर आए।

इस दौरान दोनों ने मशहूर डायना बेंच पर बैठकर तस्वीरें भी खिंचवाईं, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
मार्को रुबियो ने ताजमहल का दीदार करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि वह पहली बार इस ऐतिहासिक धरोहर को देखने आए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें पहले सिर्फ न्यू जर्सी के ‘ताजमहल’ के बारे में जानकारी थी, लेकिन असली ताजमहल को देखना बेहद खास अनुभव रहा। उन्होंने इसे दुनिया के सबसे शानदार अजूबों में से एक बताया।

रुबियो ने भारत की सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी देश की यात्रा के दौरान वहां की संस्कृति और इतिहास को समझना बेहद जरूरी होता है। उन्होंने भारत को विविधताओं और ऐतिहासिक धरोहरों से भरा विशाल देश बताया।

इस दौरे के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के आगरा दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रही। ताजमहल परिसर के अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहे।


मार्को रुबियो और जेनेट की लव स्टोरी भी चर्चा में
मार्को रुबियो और जेनेट डी रुबियो की प्रेम कहानी भी काफी चर्चित रही है। दोनों की मुलाकात 1990 के दशक में वेस्ट मियामी की एक पार्टी में हुई थी। उस समय मार्को 19 साल और जेनेट 17 साल की थीं। दोस्ती के बाद दोनों का रिश्ता गहरा हुआ और वर्ष 2000 में दोनों ने शादी कर ली।
कोलंबियाई मूल की जेनेट मियामी में पली-बढ़ीं। वह प्रोफेशनल चीयरलीडर और बैंकिंग सेक्टर से भी जुड़ी रही हैं। दंपती की चार बेटियां हैं और जेनेट सोशल मीडिया पर अक्सर परिवार की तस्वीरें साझा करती रहती हैं।
भारत-अमेरिका रिश्तों पर भी दिखा फोकस
मार्को रुबियो का यह दौरा सिर्फ सांस्कृतिक नहीं बल्कि कूटनीतिक रूप से भी बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हाल के दिनों में भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक और आर्थिक सहयोग लगातार मजबूत हुआ है। आगरा दौरे के जरिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल ने भारत की सांस्कृतिक विरासत में भी रुचि दिखाई।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









